Bihar News: पटना के रविंद्र भवन में रविवार को भूमिहार ब्राह्मण समाज की महाबैठक हुई. इसमें बिहार के अलग-अलग जिलों से समाज के लोग शामिल हुए. बैठक में समाज की समस्याओं, राजनीतिक भूमिका और सरकार की नीतियों को लेकर चर्चा हुई.
इस कार्यक्रम में बिहार के पूर्व डीजीपी अभयानंद भी पहुंचे. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि राजनीति में आने का उनका दूर-दूर तक मकसद नहीं है. उन्होंने समाज से अपनी समस्याओं का समाधान खुद तलाशने की अपील की.
‘समाज अपनी समस्या का निदान खुद ढूंढे’
महाबैठक में पहुंचे अभयानंद ने कहा कि यहां आने का उनका एक ही मकसद है. समाज अपनी समस्याओं का निदान खुद ढूंढे और हर बात के लिए सरकार पर निर्भर न रहे.
उन्होंने कहा कि अगर हर समाज अपनी समस्याओं के समाधान के लिए खुद प्रयास करे तो सरकार का बोझ भी कम होगा. उनके मुताबिक, ऐसे आयोजनों के जरिए समाज अपनी ताकत को समझ सकता है और उसका सही इस्तेमाल कर सकता है.
जातिवाद के आरोप पर क्या बोले अभयानंद?
अभयानंद से जब पूछा गया कि उनके इस तरह के कार्यक्रम में शामिल होने पर जातिवाद के आरोप लग सकते हैं, तो उन्होंने इसका भी जवाब दिया.
उन्होंने कहा कि हर समाज को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस तरह के आयोजन करने चाहिए. अगर समाज खुद अपने मुद्दों को समझे और उनके समाधान की दिशा में काम करे तो सरकार पर दबाव और निर्भरता दोनों कम होंगी.
‘राजनीति में आने का कोई मकसद नहीं’
पूर्व डीजीपी ने यह भी साफ कर दिया कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है. उन्होंने कहा कि राजनीति में आने का दूर-दूर तक कोई मकसद नहीं है.
अभयानंद ने कहा कि वह किसी राजनीतिक पार्टी का समर्थन करने के लिए भी इस कार्यक्रम में नहीं आए हैं. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह इस तरह के कई सामाजिक सम्मेलनों में शामिल हो चुके हैं.
‘हर समाज को ऐसे आयोजन करने चाहिए’
अभयानंद ने समाज के ऐसे आयोजनों को अच्छी पहल बताया. उन्होंने कहा कि जो भी समाज अपनी शक्ति का एहसास कर उसका इस्तेमाल अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कर सकता है, वह सकारात्मक बात है.
उनके मुताबिक, अगर समाज अपनी समस्याओं को खुद समझे और उनके समाधान के लिए आगे बढ़े तो सरकार का काम भी आसान होगा. उन्होंने कहा कि हर समाज को अपने मुद्दों पर ऐसे आयोजन करने चाहिए.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बैठक में NDA से नाराजगी के सुर
महाबैठक में कुछ वक्ताओं ने NDA सरकार को लेकर नाराजगी जाहिर की. नालंदा से पहुंचे सुमित शर्मा ने कहा कि समाज के लोग NDA से नाखुश हैं.
उन्होंने UGC समेत कई मुद्दों का जिक्र करते हुए सरकार के रवैये पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस से भी समाज नाराज हुआ था और लोगों ने उससे दूरी बनाई थी. अब NDA को लेकर भी नाराजगी बढ़ रही है.
‘नाराज होते हैं तो सत्ता परिवर्तन करते हैं’
बैठक में पहुंचे कुछ लोगों ने समाज की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी खुलकर अपनी बात रखी. एक व्यक्ति ने कहा कि भूमिहार ब्राह्मण समाज जब नाराज होता है तो सत्ता परिवर्तन में अपनी भूमिका निभाता है.
उन्होंने कहा कि अगर समाज किसी राजनीतिक दल को समर्थन देता है तो उससे UGC और SC-ST एक्ट जैसे मुद्दों पर काम करने की उम्मीद भी करता है.
भूमिहार-ब्राह्मण समाज के लिए APP लॉन्च
महाबैठक में भूमिहार-ब्राह्मण समाज के लिए ‘Bhu Connect App’ का भी शुभारंभ किया गया. आयोजकों के अनुसार, ऐप के माध्यम से समाज के लोगों को आपसी संपर्क, संवाद और सहयोग के लिए एक डिजिटल मंच उपलब्ध कराने की पहल की गई है. कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, बुद्धिजीवियों और समाज के वरिष्ठजनों की उल्लेखनीय सहभागिता रही.
