Flood in Maner : सोन, गंगा और सरयू नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि से मनेर दियारा के निचले इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. बाढ़ का पानी कई गांवों को चारों ओर से घेर चुका है, जबकि हल्दी छपरा, नयका टोला, पुराना टोला और बदल टोला के निचले इलाकों में कई घरों में पानी घुस गया है. इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर को लेकर दियारा क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है.
हल्दी छपरा का श्मशान घाट पूरी तरह डूबा
हल्दी छपरा गांव के समीप स्थित श्मशान घाट बाढ़ के पानी में पूरी तरह डूब गया है. वहीं छिहत्तर, मुंजी टोला, हाथी टोला, दुधेला, महावीर टोला और इस्लामगंज गांव भी तीनों नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ के पानी से घिर गए हैं.
मुंजी टोला पुल के पास सड़क में आई दरार
बाढ़ के पानी के दबाव के कारण मुंजी टोला स्थित नवनिर्मित पुल के पास बनी सड़क में दरार आ गई है. ग्रामीणों को आशंका है कि यदि नदियों का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो सड़क टूटकर दो हिस्सों में बंट सकती है. ऐसा होने पर कई गांवों का मनेर शहर से संपर्क टूटने का खतरा है. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी है.
कई घरों में घुसा पानी, ग्रामीण परेशान
किता चौहत्तर पश्चिम पंचायत (हल्दी छपरा) के मुखिया अशोक सिंह ने बताया कि गंगा और सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. इसके कारण पंचायत के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस चुका है और कई घरों के लोग प्रभावित हुए हैं.
दो-तीन दिनों में और गांवों में घुस सकता है पानी
किता चौहत्तर मध्य पंचायत के मुखिया लाल किशोर सिंह ने बताया कि नदियों का पानी काफी तेजी से बढ़ रहा है. इससे पंचायत के कई गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं. अगर जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो अगले दो-तीन दिनों में कई अन्य गांवों में भी बाढ़ का पानी घुस सकता है.
उन्होंने बताया कि मुंजी टोला पुल के पास सड़क में आई दरार लगातार बढ़ते पानी के कारण गंभीर खतरा बन गई है. यदि पानी का दबाव बढ़ा तो सड़क टूटकर दो हिस्सों में बंट सकती है, जिससे कई गांवों का मनेर शहर से संपर्क बाधित हो जाएगा. इसकी सूचना अधिकारियों को दे दी गई है.
