पटना में इंजीनियर की टीचर वाइफ का मिला डेड बॉडी, मकान में बाहर से लगा था ताला

पटना के मसौढ़ी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक शिक्षिका की उनके ही घर में हत्या कर दी गई. मकान में बाहर से ताला लगा होने से हत्यारों के अंदर-बाहर जाने का रहस्य बना हुआ है. घर से गहने भी गायब है.

Patna Crime News : राजधानी पटना के मसौढ़ी में ऑगर के कैलूचक-बरनी रोड स्थित तीन मंजिले मकान में बुधवार को 46 वर्षीय शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी की हत्या का मामला सामने आया. मंगलवार की रात घर में अकेली शिक्षिका की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी. उनका शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला. बिछावन खून से सना था और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान मिले. घटना के बाद मकान के बाहर से ताला लगा होने के कारण मामला और रहस्यमय हो गया है.

रात 10 बजे तक सहायक अभियंता पति से हुई थी फोन पर बात

लक्ष्मी कुमारी पुनपुन प्रखंड के सहवाजपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षिका थीं. उनके पति ज्ञानचंद प्रसाद गया के टेकारी में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता हैं. पति के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 10 बजे तक उनकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी. बुधवार को वह विद्यालय नहीं पहुंचीं और उनका मोबाइल फोन भी रिसीव नहीं हो रहा था. सहकर्मी शिक्षक ब्रजेश कुमार ने भी उन्हें फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.

घर पहुंचा बेटा तो सभी दरवाजों पर लगा था ताला

दोपहर तक घर नहीं खुलने पर पति ने ननिहाल में रह रहे बेटे गौरव को घर जाकर देखने के लिए कहा. इसके बाद गौरव अपनी बहन शिखा और नाना शंकर चौधरी के साथ कैलूचक स्थित मकान पहुंचा. वहां मुख्य गेट समेत मकान के सभी दरवाजों पर ताला लगा हुआ था. काफी आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो मुख्य गेट का ताला तोड़कर लोग अंदर पहुंचे. ऊपर कमरे में जाने के लिए एक खिड़की उखाड़कर अंदर प्रवेश किया गया. कमरे में बेड पर लक्ष्मी कुमारी का शव पड़ा था.

एफएसएल टीम ने जुटाये साक्ष्य, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विवेक भारती और एसडीपीओ राघव दयाल मौके पर पहुंचे. एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये. एसडीपीओ ने बताया कि महिला की हत्या धारदार हथियार से की गयी है. स्थानीय स्तर पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. हत्या किसने और किस वजह से की, इसका पता अनुसंधान के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गयी है.

आभूषण गायब होने की बात से लूट की आशंका भी

परिजनों ने घर से आभूषण गायब होने की बात पुलिस को बतायी है. हालांकि, गायब आभूषणों की कीमत कितनी है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है.

सवाल : चारों तरफ ताला, फिर हत्यारे आये कैसे?

मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि चारों तरफ ऊंची चहारदीवारी और मुख्य गेट समेत मकान के सभी रास्तों पर ताला लगा था, तो हत्यारा घर के अंदर कैसे पहुंचा? हत्या के बाद वह बाहर कैसे निकला? इसी गुत्थी ने पुलिस की जांच को उलझा दिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिवार के बयानों समेत सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >