दानापुर में 5 लाख रंगदारी नहीं देने पर फास्ट फूड दुकान में तोड़फोड़, 9 लोग घायल

पटना में 5 लाख रुपये की रंगदारी नहीं मिलने पर बदमाशों ने फास्ट फूड दुकान में जमकर तोड़फोड़ और मारपीट की. इस घटना में दुकान के 9 कर्मचारी घायल हो गए हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

Patna News: तकियापर पुलिस चौकी के सामने मंगलवार को दिनदहाड़े पांच लाख रुपये रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों द्वारा फास्ट फूड दुकान में तोड़फोड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना में दुकान के नौ स्टाफ घायल हो गए हैं. घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दुकानदार ने इस मामले में स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई है.

दो दुकानों को बनाया गया निशाना

जानकारी के अनुसार, मां शारदा फास्ट फूड के संचालक पवन कुमार ने चित्रकूट नगर निवासी अश्विनी कुमार जायसवाल उर्फ प्रीतम और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है. शिकायत में दुकानदार ने बताया कि सोमवार रात अश्विनी कुमार जायसवाल उर्फ प्रीतम अपने तीन साथियों के साथ दुकान पर आया था और पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी. रंगदारी नहीं देने पर अंजाम भुगतने और गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.

रॉड, लाठी-डंडे से लैस होकर पहुंचे बदमाश

दुकानदार के अनुसार, मंगलवार दोपहर अश्विनी उर्फ प्रीतम करीब 40 समर्थकों के साथ तकियापर स्थित दुकान पर पहुंचा. सभी लोग रॉड, लाठी-डंडे और हथियार से लैस थे. आरोप है कि बदमाशों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की. इसके बाद गोलापर स्थित दूसरी दुकान में पहुंचकर भी तोड़फोड़ और मारपीट की गई.

नौ कर्मी हुए घायल

मारपीट में दुकान के कई कर्मचारी घायल हो गए. घायलों में विनोद कुमार, संतोष साव, शनि कुमार, अशोक कुमार, सोनू कुमार, बिट्टू कुमार और अमरजीत कुमार सहित अन्य लोग शामिल हैं. सभी का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर में कराया जा रहा है. दुकानदार ने बताया कि घटना के बाद वह और उसके कर्मचारी डरे हुए हैं.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

दानापुर थानाध्यक्ष पीके भारद्वाज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. उन्होंने बताया कि नामजद आरोपी समेत अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay kumar danapur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >