पटना के होटलों में न्यू ईयर सेलिब्रेट करने का है प्लान तो हो जाएं सावधान, कई रेस्टोरेंट में मिले एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स और बासी मांस

Patna News: नए साल के जश्न से पहले पटना में फूड सेफ्टी को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है. खाद्य विभाग की छापेमारी में कई बड़े होटलों और रेस्टोरेंट्स में एक्सपायर्ड ड्रिंक्स और बासी मांस मिलने पर कार्रवाई की गई.

Patna News: नए साल के जश्न से ठीक पहले पटना में खाने-पीने की क्वालिटी को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है. खाद्य उपभोक्ता एवं संरक्षण विभाग ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख इलाकों- बोरिंग कैनाल रोड और बोरिंग रोड पर बड़े लेवल पर जांच अभियान चलाया. इस दौरान आधा दर्जन से अधिक नामी होटलों और रेस्टोरेंट्स की रसोई और स्टोरेज की गहन जांच की गई, जिसमें कई चौंकाने वाली लापरवाहियां सामने आईं हैं.

एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स और दो दिन पहले पकाया गया मीट बरामद

राजापुर पुल के पास स्थित ‘वीर जी सोया चाप’ रेस्टोरेंट में भारी मात्रा में एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें और सोया चाप के पुराने पैकेट बरामद किए गए. वहीं, ईस्ट बोरिंग कैनाल रोड स्थित ‘चंगु-मंगु रेस्टोरेंट’ में दो दिन पहले पकाया गया चिकन और मटन परोसे जाने की तैयारी में पाया गया. विभाग की टीम ने मौके पर ही सभी खराब और अस्वास्थ्यकर सामग्री को जब्त कर निर्धारित विभागीय प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया.

लैब टेस्ट के लिए भेजा गया है नमूना

खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए संबंधित रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस जारी किया गया है. उन्हें 48 घंटे के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही अन्य होटलों, रेस्टोरेंट्स और खुले में मीट बेचने वाले विक्रेताओं से पनीर, मछली, मीट, शेक और विभिन्न पेय पदार्थों के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें लैब जांच के लिए भेजा गया है.

कई रेस्टोरेंट हो सकते हैं सील

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि बोरिंग रोड क्षेत्र के कई होटलों के पास वैध लाइसेंस तो मौजूद थे, लेकिन सफाई और हाइजीन के मानकों पर वे खरे नहीं उतर रहे थे. खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि यदि जांच रिपोर्ट में मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है या संचालकों का जवाब असंतोषजनक पाया जाता है, तो भारी जुर्माना, लाइसेंस निलंबन और जरूरत पड़ने पर प्रतिष्ठान को सील करने तक की कार्रवाई की जाएगी.

विभाग ने साफ किया है कि उपभोक्ताओं की सेहत से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नए साल की भीड़ और बढ़ती खपत को देखते हुए यह विशेष जांच अभियान 31 दिसंबर तक और उसके बाद भी लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके.

Also Read: Bihar News: सरकारी नौकरी की लालच में बेटे ने हवलदार पिता की हत्या की, बहन को संपत्ति न मिले इसलिए काट दिया अंगूठा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >