राजस्व व भूमि सुधार विभाग के सचिव ने समाहर्ताओं को भेजा पत्र संवाददाता, पटना अंचल कार्यालयों एवं राजस्व कार्यालयों के राजस्व सबंधी कार्यों में निजी व्यक्तियों (दलालों) के हस्तक्षेप रोकने लिए अधिकारी नियमित निरीक्षण करेंगे. सभी समाहर्ता, अंचलाधिकारी से प्रमाणपत्र प्राप्त करेंगे कि निर्धारित स्थान से भिन्न किसी भी हल्के में समानांतर हल्का कार्यालय नहीं चल रहा है. इस संबंध में राजस्व व भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने सोमवार को सभी समाहर्ताओं को पत्र भेजा है. पत्र में कहा गया है कि विभाग को विभिन्न स्रोतों से जानकारी मिल रही है कि कुछ अंचलों के हल्का कर्मचारियों द्वारा निर्धारित स्थान से अन्यत्र हल्का कार्यालय का संचालन कर राजस्व कार्य किया जा रहा है. अंचल अधिकारी का डोंगल एवं लैपटॉप का उपयोग निजी व्यक्ति (दलाल) द्वारा किये जाने का मामला सामने आ रहा है. साथ ही निजी कार्यालय में आवेदकों को बुलाकर अवैध रूप से राशि वसूल कर कार्य करने की भी शिकायतें आ रही हैं. ये विभागीय निर्देश का उल्लंघन है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
