SK Azad Private Clinic : सहरसा सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉक्टर एसके आजाद से जुड़ा विवाद अब प्राइवेट प्रैक्टिस के आरोपों तक पहुंच गया है. प्रभात खबर के पत्रकार से कथित मारपीट और विवाद का वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. कुछ मरीजों ने डॉक्टर के व्यवहार और निजी क्लीनिक में प्रैक्टिस करने का आरोप लगाया है. मामले में डीएम के आदेश पर जांच कमेटी गठित होने की बात सामने आयी है.
‘हम तेरा बाप हैं’ वाले डॉक्टर पर अब प्राइवेट प्रैक्टिस का आरोप
सहरसा सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉक्टर एसके आजाद से जुड़ा विवाद अब लगातार तूल पकड़ रहा है. 12 सितंबर को अस्पताल में रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार और डॉक्टर के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में डॉक्टर द्वारा पत्रकार से कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा में बात किये जाने को लेकर सवाल उठे थे.
मरीजों ने डॉक्टर के व्यवहार पर उठाये सवाल
वीडियो में बातचीत के दौरान कुछ मरीजों ने डॉक्टर एसके आजाद के व्यवहार को लेकर भी आरोप लगाये. एक मरीज ने दावा किया कि डॉक्टर मरीजों की बात सुनने के बजाय डांटते हैं और उनका व्यवहार अच्छा नहीं रहता. एक अन्य व्यक्ति ने भी कहा कि डॉक्टर से सवाल पूछने पर उसके साथ गुस्से में व्यवहार किया गया था.
पंचवटी चौक स्थित निजी क्लीनिक का दावा
बातचीत में स्थानीय लोगों ने दावा किया कि डॉक्टर एसके आजाद पंचवटी चौक के आसपास निजी क्लीनिक में मरीजों को देखते हैं. लोगों ने निजी संस्थान का नाम मनोरमा मेमोरियल अस्पताल बताया. हालांकि, निजी प्रैक्टिस से जुड़े इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
निजी प्रैक्टिस को लेकर स्वास्थ्य विभाग के आदेश का हवाला
रिपोर्ट में बिहार स्वास्थ्य विभाग के उस आदेश का भी हवाला दिया गया है, जिसमें सरकारी चिकित्सकों की निजी प्रैक्टिस को लेकर निर्देश दिये गये हैं. ऐसे में अब सवाल उठ रहा है कि यदि कोई सरकारी चिकित्सक निजी प्रैक्टिस कर रहा है, तो उसके खिलाफ विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होगी. वीडियो में देखिए पूरी सच्चाई...