Patna Guru Purnima: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को बिहटा के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. प्रसिद्ध बाबा बीटेश्वरनाथ मंदिर, माता बन देवी मंदिर, शीतला माता मंदिर, माचा स्वामी मंदिर, विष्णुपुरा स्थित बुढ़िया माई मंदिर समेत क्षेत्र के अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में सुबह से देर शाम तक दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. मंदिर परिसर "हर-हर महादेव", "जय माता दी" और अन्य धार्मिक जयघोषों से दिनभर गुंजायमान रहा.
बाबा बीटेश्वरनाथ मंदिर में हुआ जलाभिषेक
बाबा बीटेश्वरनाथ मंदिर में भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की. वहीं माता बन देवी, शीतला माता, माचा स्वामी और बुढ़िया माई मंदिर में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया. बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे और विशेष पूजा एवं आरती में भाग लिया.
सावन को लेकर पूरी की गई तैयारियां
गुरु पूर्णिमा के साथ ही सावन माह की शुरुआत को देखते हुए बाबा बीटेश्वरनाथ मंदिर प्रशासन ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं. मंदिर समिति के अनुसार पूरे सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है, ताकि दर्शन और जलाभिषेक सुचारु रूप से हो सके. मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि सावन के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है तथा स्वयंसेवकों की भी तैनाती की जाएगी.
भक्तिमय माहौल में मनाई गई गुरु पूर्णिमा
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से प्रशासन और मंदिर प्रबंधन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्वक दर्शन और जलाभिषेक करने की अपील की. गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे बिहटा क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा. मंदिरों में पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने गुरु परंपरा का स्मरण कर अपने आराध्य के चरणों में शीश नवाया. पूरे दिन मंदिरों में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला.
