पटना. कदमकुआं थाने के पूर्वी लोहानीपुर में रहने वाली एक युवती के साथ दो लोगों ने घर में घुसकर जबरदस्ती करने का प्रयास किया है. यही नहीं, विरोध करने आयी मां और बेटी दोनों के साथ मारपीट की और गले से चेन लेकर फरार हो गये. घटना रविवार की है. इस संबंध में मां ने कदमकुआं थाने में दोनों आरोपितों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी है. दोनों मोहल्ले के ही रहने वाले हैं. मारपीट में महिला और बेटी दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गये हैं. ईंट से मारने के कारण मां की आंख के पास चोट लगी हैं. बेटी के चेहरे पर भी चोट के निशान है.
चिल्लाने की आवाज सुन नीचे कमरे में आयी मां :
महिला ने बताया कि दोनों घर में घुसे और बेटी के कमरे में जाकर उसके साथ जबरदस्ती करने लगे. चिल्लाने की आवाज आने पर मैं भागी-भागी नीचे उतरी, तो देखा कि दोनों मेरी बेटी के मुंह को दबाये हुए हैं. विरोध करने पर पहले मारपीट की. इसके बाद रॉड और ईंट से मारकर जख्मी कर दिया. इसके बाद एक आरोपित ने मेरे गले से सोने की चेन छीन ली. हो-हल्ला की आवाज सुन मोहल्ले के लोग जुट गये, जिसके बाद दोनों फरार हो गये. इतने में मैं बेहोश हो गयी. जब होश में आया, तो बेटी के साथ थाना पहुंचकर दोनों बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
