‘अंकल बचा लीजिए...’ गिड़गिड़ाती रही लड़की, नकाबपोश बदमाशों ने टेलर दुकान से खींचकर मारी गोली; पुलिस ने बताई वजह

दानापुर में एक नाबालिग लड़की को रैपिडो बाइक पर घर लौटते समय दो नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाया. गोली से बचने के लिए लड़की एक टेलर की दुकान में घुस गई, जहाँ बदमाशों ने उसे खींचकर गोली मार दी. इस घटना में लड़की और रैपिडो चालक घायल हो गए.

Firing on Minor Girl in Danapur: दानापुर थाना क्षेत्र के आरपीएस मोड़ पर रविवार की शाम करीब चार बजे दो नकाबपोश बदमाशों ने रैपिडो बाइक से घर लौट रही एक नाबालिग लड़की को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी. गोली से बचने के लिए लड़की झुक गयी, जिससे पहली गोली रैपिडो चालक की कमर में लग गयी. दोनों बाइक से सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद लड़की जान बचाने के लिए आर्य समाज मंदिर के सामने स्थित एक टेलर की दुकान में घुस गयी. आरोप है कि पीछे से पहुंचे बदमाशों ने टेलर को बंदूक की नोक पर धमकाया और लड़की को खींचकर उसके कंधे में गोली मार दी. गोलीबारी में रैपिडो चालक दानापुर के लखनी बिगहा निवासी राहुल कुमार और नाबालिग लड़की घायल हो गये. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.

लड़की को निशाना बनाकर की फायरिंग, चालक को लगी गोली

जानकारी के अनुसार, आरपीएस मोड़ निवासी नाबालिग लड़की रविवार की शाम रैपिडो बाइक से घर लौट रही थी. आरपीएस मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से पिस्टल तान दी. बदमाशों ने जैसे ही गोली चलायी, लड़की बचने के लिए झुक गयी. इससे गोली रैपिडो चालक राहुल कुमार की कमर में जा लगी. गोली लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े. इसी दौरान लड़की बाइक से उतरकर जान बचाने के लिए पास की टेलर दुकान में घुस गयी.

टेलर के पीछे छिपी किशोरी को खींचकर मारी गोली

आर्य समाज मंदिर के सामने स्थित टेलर सुधीर वर्मा की दुकान में पहुंचकर लड़की ने उनसे मदद की गुहार लगायी और उनके पीछे छिप गयी. टेलर के अनुसार, कुछ ही देर में दोनों बदमाश दुकान में पहुंच गये. उन्होंने लड़की को बाहर आने के लिए कहा और टेलर को धमकाते हुए सामने से हटने को कहा.

इसी दौरान बदमाशों और लड़की के बीच खींचतान हुई, जिसमें वह फर्श पर गिर गयी. आरोप है कि लड़की के गिरते ही बदमाशों ने गोली चला दी, जो उसके कंधे में लगी. इसके बाद दोनों बदमाश पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गये.

घटना स्थल की तस्वीर

टेलर के मोबाइल से परिजनों को दी सूचना

गोली लगने के बाद घायल लड़की ने टेलर के मोबाइल से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद वह पैदल दुकान से बाहर निकली. रास्ते में परिजन उसे मिले और तत्काल इलाज के लिए राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल ले गये. वहीं घायल रैपिडो चालक राहुल कुमार को इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया है.

मामले की जांच करती पुलिस

प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया

घटना की सूचना मिलने के बाद दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार ने बताया कि घटना में दो लोग घायल हुए हैं. प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला सामने आया है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर बदमाशों की पहचान की जा रही है. घटना में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गयी है.

इसे भी पढ़ें:मीठापुर-सिपारा में बनेगा दक्षिणी पटना का पहला आधुनिक पार्क, 3.97 करोड़ में मिलेंगी 8 बड़ी सुविधाएं, जानिए क्या-क्या होगा खास


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >