पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
Patna Crime News : दानापुर के नौबतपुर थाना क्षेत्र के चर्रा मोड़ स्थित बिहटा-सरमेरा सिक्स लेन पर राघवन रिसोर्ट के पास बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों द्वारा की गई लूट का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटी गई बाइक, मोबाइल, हेलमेट और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है. हालांकि, घटना में शामिल एक बदमाश अब भी फरार है.
हथियार के बल पर बाइक और मोबाइल लूटा था
एसडीपीओ अजीत कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 7 अगस्त की रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर चर्रा मोड़ स्थित बिहटा-सरमेरा सिक्स लेन पर राघवन रिसोर्ट के पास एक बाइक सवार को रोक लिया था. अपराधियों ने उससे मोबाइल, बाइक और अन्य सामान लूट लिया था. पीड़ित के बयान पर नौबतपुर थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
एसआईटी ने तकनीकी जांच से दबोचे बदमाश
सिटी एसपी पश्चिमी के निर्देश पर एसडीपीओ अजीत कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी जांच और मानवीय सूचना के आधार पर विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की. पुलिस ने 48 घंटे के अंदर घटना में शामिल पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूट में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई.
लूटी गई बाइक और मोबाइल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर लूटी गई बाइक, मोबाइल और हेलमेट बरामद किया है. एसडीपीओ ने बताया कि घटना में शामिल एक बदमाश फरार है. उसकी गिरफ्तारी और लूट में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमित कुमार उर्फ गइया निवासी तरेत पाली, गोलू कुमार, नीरज कुमार और विक्की कुमार उर्फ सुखा गोप निवासी चकियापर, नौबतपुर तथा दीपक कुमार निवासी नौबतपुर के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गोलू कुमार के खिलाफ नौबतपुर में सात और बिक्रम में एक मामला दर्ज है. अमित कुमार उर्फ गइया के खिलाफ नौबतपुर थाने में छह मामले दर्ज हैं. वहीं विक्की कुमार उर्फ सुखा गोप के खिलाफ नौबतपुर में दो और रूपसपुर में एक मामला दर्ज है.
न्यायिक हिरासत में भेजे गए सभी आरोपित
पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपितों से पूछताछ की. पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी है.
