Patna News : दानापुर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से एक स्कॉर्पियो, लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड सहित साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई सामान बरामद किए गए हैं.
गुप्त सूचना पर वाहन जांच में मिली सफलता
गुरुवार को एसडीपीओ अजीत कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि 5 अगस्त को सूचना मिली थी कि साइबर ठग स्कॉर्पियो से शाहपुर-छितनावा होते हुए दानापुर की ओर आ रहे हैं. सूचना के आधार पर सिटी एसपी पश्चिमी के निर्देश पर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने छितनावा पुल के पास वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान खासपुर (मनेर) निवासी अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.
लैपटॉप, 12 मोबाइल और कई दस्तावेज बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्कॉर्पियो, एक लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन, 22 सिम कार्ड, 3 आधार कार्ड, 13 पैन कार्ड, 11 एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक प्रेस कार्ड, तीन मोहर स्टांप, एक बैंक पासबुक और दो चेकबुक बरामद किए. पुलिस के अनुसार, ये सभी सामान साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाते थे.
फर्जी पहचान बनाकर करते थे ठगी
एसडीपीओ ने बताया कि गिरोह के सदस्य फर्जी पहचान और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर करते थे. इसके अलावा बैंक अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर विभिन्न तरीकों से साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे.
आधा दर्जन अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस पूछताछ में आरोपी के साथ आधा दर्जन अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस मामले में दानापुर थाना कांड संख्या-324/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
कई राज्यों तक फैला है नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी गिरोह का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ है. गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी अजीत कुमार को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
