Patna News : मसौढ़ी थाना पुलिस ने मंगलवार की देर शाम गांधी मैदान के पास अपराध की योजना बना रहे युवकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया था, लेकिन जांच में सुमित कुमार की संलिप्तता के ठोस प्रमाण नहीं मिलने पर उसे मामले से अलग कर दिया गया. पुलिस ने नीतीश कुमार और नाबालिग हसन आलम के खिलाफ अपने बयान पर आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
हथियार के साथ अपराध की योजना बनाने की मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर शाम सूचना मिली थी कि गांधी मैदान के पास कुछ युवक हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने गांधी मैदान और आसपास के इलाके में छापेमारी की. इस दौरान तीन युवकों को पकड़ लिया गया.
तलाशी में पिस्तौल और कारतूस मिलने से मचा हड़कंप
पकड़े गये युवकों की तलाशी लेने पर पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तारेगना डीह निवासी नीतीश कुमार (18) और नाबालिग हसन आलम (16) के रूप में हुई है. वहीं सुमित कुमार (18) को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया.
पूछताछ में हथियार किसी परिचित को देने की बात
पुलिस के अनुसार, बरामद देसी पिस्तौल नीतीश कुमार के पास से मिली थी. पूछताछ में उसने बताया कि वह हथियार किसी परिचित को देने के लिए गांधी मैदान के पीछे की ओर जा रहा था. हालांकि पुलिस इस बिंदु सहित हथियार के स्रोत और उसके इस्तेमाल की योजना की भी जांच कर रही है.
सुमित की संलिप्तता नहीं मिली, मामले से किया अलग
पुलिस ने हिरासत में लिये गये तीनों युवकों से पूछताछ की और उनकी भूमिका की जांच की. इस दौरान सुमित कुमार की घटना में संलिप्तता के ठोस प्रमाण नहीं मिले. इसके बाद पुलिस ने उसे मामले से अलग कर दिया. वहीं नीतीश कुमार और नाबालिग हसन आलम के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.
