पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Patna News : पटना जंक्शन रेल पुलिस ने शनिवार को प्लेटफार्म संख्या 6-7 से कट्टा और दो कारतूस के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपित की पहचान लखीसराय के बड़ेया थाना क्षेत्र निवासी निखिल कुमार के रूप में हुई है. जीआरपी ने उसके पास से एक कट्टा और दो कारतूस बरामद किये. पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का पता लगाने में जुटी है.
आपराधिक वारदात की फिराक में था बदमाश
पटना जंक्शन रेल थाना प्रभारी राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि 29 अगस्त को सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म संख्या 6-7 पर एक युवक आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है. उसके पास हथियार होने की भी सूचना थी.
सूचना के आधार पर जीआरपी टीम ने प्लेटफार्म के पश्चिमी छोर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया.
कमर में खोंसा था कट्टा, दो कारतूस बरामद
पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसकी कमर में खोंसा हुआ कट्टा मिला. उसके पास से दो कारतूस भी बरामद किये गये. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और हथियार व कारतूस जब्त कर लिये.
हथियार का भय दिखाकर यात्रियों से करता था लूट
पूछताछ के दौरान आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह हथियार का भय दिखाकर रेलवे परिसर में यात्रियों से लूटपाट करता था. यात्रियों से गहने, मोबाइल और अन्य सामान लूटने की बात उसने पुलिस के समक्ष स्वीकार की है.
आर्म्स एक्ट में भेजा गया जेल
जीआरपी ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की. इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास और पूर्व की घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है.
