कक्षा छह से आठवीं के प्रत्येक क्लास में इंस्टॉल किये जायेंगे कंप्यूटर सिस्टम

जिले के सरकारी स्कूलों के कक्षा छह से आठवीं में पढ़ने वाले बच्चों को कंप्यूटर में दक्ष बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक क्लास में कंप्यूटर सिस्टम इंस्टॉल करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है

-जिला शिक्षा कार्यालय ने बीइओ से मांगी स्कूलों की सूची

संवाददाता, पटना

जिले के सरकारी स्कूलों के कक्षा छह से आठवीं में पढ़ने वाले बच्चों को कंप्यूटर में दक्ष बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक क्लास में कंप्यूटर सिस्टम इंस्टॉल करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने प्रत्येक सरकारी स्कूल में कक्षा छह और आठवीं तक के क्लास रूम में एक-एक कंप्यूटर लगाने का निर्णय लिया है. विभाग से मिले निर्देश के बाद जिला शिक्षा कार्यालय ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीइओ) से स्कूलों की संख्या मांगी है. जिला शिक्षा कार्यालय के अनुसार बिहार विधानसभा चुनाव समाप्त होने और नयी सरकार के गठन के बाद क्लास में कंप्यूटर सिस्टम इंस्टॉल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी. विभाग का कहना है कि अब तक निजी स्कूलों के बच्चे कंप्यूटर चलाना जानते थे. आर्थिक अभाव के कारण बच्चे इससे वंचित रह जाते थे. कक्षा छह से आठवीं तक वर्ग में एक-एक कंप्यूटर लग जाता है, तो बच्चे कंप्यूटर की बारीकियों को समझने के साथ ही इसमें दक्ष हो जायेंगे. बच्चे अब तक इन कक्षाओं में लागू केवल कंप्यूटर की किताबें पढ़ा करते थे. कंप्यूटर सिस्टम इंस्टॉल होने के बाद बच्चे किताबी ज्ञान के साथ कंप्यूटर के बारे में भी जान पायेंगे.

बच्चों की ट्रेनिंग के लिए बहाल किये जायेंगे कंप्यूटर शिक्षक

बिहार विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद बिहार शिक्षा परियोजना स्तर पर कक्षा छह से आठवीं तक शिक्षक को कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जायेगा. शिक्षकों को कंप्यूटर का प्रशिक्षण बारी-बारी से प्रखंड स्तर पर दिया जायेगा. ताकि स्कूलों में पढ़ाई बाधित न हो. शिक्षक जब कंप्यूटर चलाना जान जायेंगे, तो बच्चों को आसानी से इसकी जानकारी दे पायेंगे. स्कूलों में कंप्यूटर लग जाने के बाद उसकी सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी स्कूल के प्रधान की होगी. स्कूल में प्रतिदिन कंप्यूटर का क्लास हो यह प्रधान शिक्षक सुनिश्चित करेंगे. इसके साथ ही रिपोर्ट प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के साथ ही जिला शिक्षा कार्यालय को फोटो के साथ अवगत करायेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMBER MD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >