12 को सीएम करेंगे 15 लाख बिजली उपभोक्ताओं से संवाद

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 12 अगस्त को राज्य के करीब 15 लाख बिजली उपभोक्ताओं से सीधे संवाद करेंगे.

संवाददाता, पटना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 12 अगस्त को राज्य के करीब 15 लाख बिजली उपभोक्ताओं से सीधे संवाद करेंगे. यह संवाद कार्यक्रम राज्य सरकार की ओर से घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना के प्रचार-प्रसार के तहत आयोजित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री का यह संवाद राज्यभर में निर्धारित 3000 से अधिक केंद्रों पर एलइडी स्क्रीन, प्रोजेक्टर और टीवी के माध्यम से लाइव प्रसारित किया जायेगा.

बिजली कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक अगस्त, 2025 से 125 यूनिट तक नि:शुल्क बिजली देने की व्यवस्था लागू कर दी है, जो जुलाई माह की खपत के आधार पर प्रभावी है. योजना की जानकारी राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए जनजागरूकता अभियान भी तेज कर दिया गया है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया जायेगा, जिससे लोग योजना के विभिन्न प्रावधानों और लाभ के बारे में ठीक से समझ सकें. कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए प्रत्येक विद्युत आपूर्ति प्रशाखा में चार संवाद स्थल निर्धारित किये गये हैं. इसके अलावा विद्युत आपूर्ति प्रमंडल और जिला स्तर पर भी संवाद स्थलों का चयन किया गया है. अनुमान है कि इस व्यापक नेटवर्क के माध्यम से करीब 15 लाख उपभोक्ता मुख्यमंत्री के संवाद से सीधे जुड़ेंगे. कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं को योजना से जुड़ी शर्तों, पात्रता, अनुदान की प्रक्रिया, बिलिंग और अनियमितताओं से बचाव जैसे विषयों पर जानकारी दी जायेगी. मुख्यमंत्री का यह संवाद पूरे राज्य में एकसाथ लाइव होगा, जिससे सभी उपभोक्ता एक ही समय पर जुड़ सकें.राज्य सरकार की ओर से यह भी निर्देश दिया गया है कि संवाद स्थलों पर एलइडी, प्रोजेक्टर या टीवी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों, पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों आदि की भागीदारी भी तय की गयी है ताकि यह अभियान जन-जन तक पहुंचे और कोई भी पात्र उपभोक्ता योजना के लाभ से वंचित न रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rakesh ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >