CM का बेटा रिक्शे में घूमता दिखा, वृंदावन में बिना VIP प्रोटोकॉल सड़क पर निकले निशांत, यमुना को किया प्रणाम

Nishant Kumar: बिना VIP प्रोटोकॉल और सुरक्षा घेरे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार वृंदावन पहुंचे हैं. वे वहां सादगी के अंदाज में नजर आए. ई-रिक्शा से घूमते और पूजा-पाठ में जुटे निशांत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं.

Nishant Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार एक बार फिर अपनी सादगी और शांत स्वभाव को लेकर चर्चा में हैं. इस बार वजह बनी है उनकी वृंदावन यात्रा. जहां वे बिना किसी VIP प्रोटोकॉल, सुरक्षा घेरे और तामझाम के आम लोगों की तरह घूमते नजर आए.

बिना प्रोटोकॉल वृंदावन की गलियों में दिखे निशांत

निशांत कुमार इन दिनों वृंदावन में पूजा-पाठ और भक्ति में समय बिता रहे हैं. वे अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ वृंदावन की संकरी गलियों में घूमते देखे गए. खास बात यह रही कि उनके साथ न तो कोई सरकारी सुरक्षा दिखी और न ही VIP अंदाज. उन्होंने ई-रिक्शा की सवारी की और आम श्रद्धालुओं की तरह मंदिरों में दर्शन किए.

स्थानीय लोग जब यह समझ पाए कि सामने मुख्यमंत्री का बेटा है, तो हैरानी जरूर हुई. लोगों का कहना था कि निशांत बिल्कुल सामान्य युवक की तरह व्यवहार कर रहे थे. किसी तरह का अलग दिखावा नहीं था.

लाइमलाइट से दूर रहने की आदत

निशांत कुमार आमतौर पर सार्वजनिक जीवन और मीडिया की सुर्खियों से दूरी बनाए रखते हैं. वे न तो लगातार राजनीतिक कार्यक्रमों में दिखते हैं और न ही किसी मंच से बयानबाजी करते नजर आते हैं. यही वजह है कि जब भी वे सार्वजनिक जगहों पर दिखते हैं, तो चर्चा अपने आप शुरू हो जाती है. हालांकि बिहार की राजनीति में समय-समय पर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें जरूर लगती रहती हैं. लेकिन अब तक उन्होंने खुद को एक्टिव राजनीति से दूर ही रखा है.

कृष्ण भक्ति में रमे निशांत

निशांत कुमार को भगवान कृष्ण का भक्त बताया जाता है. उन्होंने एक बार अपने बारे में बताया था कि वे मोबाइल पर ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ सुनते थे, लेकिन आवाज साफ नहीं आती थी. इसके बाद उन्होंने स्पीकर खरीदा, ताकि कृष्ण भजन अच्छे से सुन सकें. वृंदावन यात्रा भी उनके इसी आध्यात्मिक झुकाव से जोड़कर देखी जा रही है.

नालंदा दौरे में दिखा अलग अंदाज

हाल ही में निशांत कुमार अपने पिता नीतीश कुमार के साथ नालंदा दौरे पर भी गए थे. वहां पार्टी कार्यकर्ताओं और गांव के लोगों ने उन्हें घेर लिया था. लोगों ने अपनी समस्याएं भी रखीं. इस पर निशांत ने कहा था, “देखते हैं, हम करवाते हैं.”

नालंदा में निशांत ने गांव की महिलाओं से मुलाकात की, गरीबों और बच्चों के बीच कंबल बांटे. गेस्ट हाउस की कुछ तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिनमें निशांत और नीतीश कुमार साथ बैठकर नाश्ता करते नजर आए थे.

राजनीति को लेकर बढ़ती चर्चाएं

5 दिसंबर को पटना एयरपोर्ट पर निशांत कुमार JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के साथ नजर आए. इसी दौरान संजय झा ने बिना किसी सवाल के खुद ही बयान दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतक चाहते हैं कि निशांत कुमार अब पार्टी में एक्टिव भूमिका निभाएं. हालांकि अंतिम फैसला निशांत को ही लेना है।

Also Read: ना युवाओं को रोजगार, ना पेट्रोल-डीजल सस्ता, फिर 3.47 लाख करोड़ के बजट में बिहार के लोगों को क्या मिला?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >