Chirag Paswan Reservation Controversy : बिहार में आरक्षण को लेकर जारी बहस के बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. चिराग पासवान ने कहा कि किसी एक वर्ग की समस्या का समाधान दूसरे वर्ग के संरक्षण या अधिकार को छीनकर नहीं किया जा सकता. उन्होंने सभी वर्गों की चिंताओं का समाधान संवाद के जरिए करने की बात कही.
'हर वर्ग की चिंता दूर करना सरकार की जिम्मेदारी'
चिराग पासवान ने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग और ऊंची जाति से आने वाले लोगों की अपनी-अपनी चिंताएं हैं. सरकार की जिम्मेदारी है कि हर वर्ग की चिंता को सुने और उसका समाधान करे. उन्होंने कहा कि संवाद के जरिए ही रास्ता निकलेगा और जो भी वर्ग अपनी भविष्य को लेकर चिंतित है, उससे बातचीत होनी चाहिए.
'आरक्षण का मतलब दूसरे वर्ग का संरक्षण छीनना नहीं'
चिराग पासवान ने कहा कि ऊंची जाति के लोगों की आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग को भी गंभीरता से समझने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के नेतृत्व में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है. इसके बावजूद यदि किसी वर्ग में चिंता है तो उसके समाधान पर बातचीत की जानी चाहिए.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक वर्ग की समस्या का समाधान दूसरे वर्ग के संरक्षण को खत्म करके नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति के संरक्षण के साथ-साथ पिछड़ा और ऊंची जाति के लोगों की चिंताओं को भी दूर करना जरूरी है.
'ऊंची जाति की आवाज भी मजबूती से उठाएगी LJP रामविलास'
चिराग पासवान ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब वह अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग की चिंताओं को लेकर मजबूती से आवाज उठा सकते हैं, तो दूसरे वर्गों के जनप्रतिनिधि उनकी आवाज क्यों नहीं बनते. उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास ऊंची जाति समेत सभी वर्गों की चिंताओं को मजबूती से उठाएगी.
चिराग ने कहा कि न अनुसूचित जाति-जनजाति के साथ अन्याय होने दिया जाएगा, न पिछड़ा वर्ग और न ही ऊंची जाति के साथ. उन्होंने सबको साथ लेकर चलने को पार्टी की सोच बताया.
राम मांझी ने भी कहा- समाज में बिखराव की साजिश सफल नहीं होने देंगे
वहीं, राम मांझी ने कहा कि जो लोग समाज में बिखराव पैदा करना चाहते हैं, उनकी मंशा को पूरा नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि एक ही वर्ग से आने वाले दो लोगों के बीच मतभेद पैदा कर राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा जाति के बजाय जमात की बात की है और सभी वर्गों को साथ लेकर चलना उनकी सोच रही है.
मंत्री पर लगे गंभीर आरोपों पर चिराग का दो टूक जवाब
चिराग पासवान ने बिहार सरकार में मंत्री और अपनी पार्टी के विधायक संजय सिंह पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर भी खुलकर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि आरोप बेहद गंभीर हैं और किसी भी व्यक्ति को सिर्फ पार्टी या परिवार से जुड़े होने के कारण संरक्षण नहीं दिया जा सकता.
उन्होंने कहा कि पार्टी ने संबंधित मंत्री से जवाब तलब किया है और उन्होंने पार्टी फोरम पर अपना पक्ष रखा है. साथ ही आरोप लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ मानहानि का दावा किए जाने की बात भी सामने रखी.
दोषी मेरी पार्टी का हुआ तो भी कड़ी कार्रवाई होगी
चिराग पासवान ने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने संबंधित युवती से तथ्यों को सामने रखने और उस होटल से भी जांच में सहयोग करने की अपील की, जहां घटना होने का आरोप लगाया गया है. साथ ही उन्होंने बिहार सरकार से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की.
चिराग ने कहा कि आरोपी कोई भी हो, चाहे उनकी पार्टी का हो या किसी अन्य पार्टी का, दोष साबित होने पर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने यहां तक कहा कि यदि आरोपी उनके परिवार का सदस्य भी होता तो वह उसका संरक्षण नहीं करते.
उन्होंने कहा कि यदि उनकी पार्टी का कोई व्यक्ति इस मामले में दोषी पाया जाता है तो उसे पद से हटाने के साथ पार्टी से भी दूर किया जाएगा और उसे कड़ी सजा दिलाने में उनकी पार्टी की अहम भूमिका होगी. चिराग ने कहा कि मामला केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जांच के बाद तथ्य सामने आने चाहिए.
Also News : पटना में ट्रेवल एजेंसी कर्मी ने किया सुसाइड का प्रयास, गिरने से मौत; वीडियो कॉल पर ब्लैकमेल कर रहा था कोई