पटना से अजीत कुमार की रिपोर्ट
BPSC Success Story : 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के दो युवाओं को गुरुवार को नगर परिषद कार्यालय में सम्मानित किया गया. सफल अभ्यर्थियों में रंजेश राज का चयन स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर तथा जितेंद्र कुमार का चयन अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) के पद पर हुआ है.
नगर परिषद ने किया सम्मानित
संपतचक नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने दोनों चयनित अधिकारियों को बुके एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दोनों युवाओं ने पूरे संपतचक क्षेत्र का नाम रोशन किया है और वे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं.
उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद क्षेत्र से ऐसे अधिकारी बने हैं, जिससे युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जहां भी दोनों अधिकारियों की पोस्टिंग होगी, वे ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करेंगे.
सफलता का श्रेय माता-पिता और मेहनत को
सम्मान समारोह के दौरान रंजेश राज और जितेंद्र कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और निरंतर मेहनत को दिया. उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से नियमित अध्ययन करने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा असफलता से निराश नहीं होने की अपील की.
युवाओं के लिए प्रेरणा हैं दोनों अधिकारी
नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राय बंटू ने कहा कि रंजेश राज और जितेंद्र कुमार की सफलता पूरे संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि दोनों युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास से यह मुकाम हासिल किया है, जिससे क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रेरणा मिलेगी.
उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है. दोनों सफल अभ्यर्थियों ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण और नगर क्षेत्र के युवा भी अपनी प्रतिभा के दम पर बड़े प्रशासनिक पदों तक पहुंच सकते हैं.
उज्ज्वल भविष्य की कामना
ऋषभ राय बंटू ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि जहां भी उनकी नियुक्ति होगी, वे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र, बिहार और देश का नाम रोशन करेंगे.
इसे भी पढ़ें : मां से कहा था- जल्द घर आऊंगा, कुछ घंटे बाद ही CISF जवान की मौत, मुंबई एयरपोर्ट पर तैनात थे जहानाबाद के रौशन कुमार
