AEDO परीक्षा में सुरक्षा कर्मियों ने ही रचा धांधली का खेल, बायोमेट्रिक कर्मी निकले मास्टरमाइंड, तीन गिरफ्तार

BPSC AEDO Exam Paper Leak: नालंदा में बीपीएससी परीक्षा के दौरान नकल की बड़ी साजिश पकड़ी गई है. बायोमेट्रिक कर्मियों और एक अभ्यर्थी को आंसर की के साथ गिरफ्तार किया गया है. मशीन के अंदर पर्ची छुपाकर दी जा रही थी. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और बड़े खुलासे की संभावना है.

BPSC AEDO Exam Paper Leak: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) की परीक्षा में नकल कराने के शातिर तरीके का खुलासा हुआ है. शनिवार को नालंदा जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र स्थित पीएल साहू प्लस टू उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर अधिकारियों की मुस्तैदी से धांधली की एक बड़ी कोशिश नाकाम कर दी गई. इस मामले में बायोमेट्रिक जांच करने वाली एजेंसी के दो कर्मियों और एक महिला परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया गया है.

बायोमेट्रिक मशीन में छिपाई गई थी आंसर की

बायोमेट्रिक जांच के लिए आई एजेंसी के सुपरवाइजर चंदन कुमार और ऑपरेटर राहुल कुमार ने मशीन के होलोग्राम के भीतर आंसर की को छिपाकर रखा था. जैसे ही पटना की रहने वाली अभ्यर्थी श्वेता कुमारी अपना बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कराने पहुंची, इन कर्मियों ने चुपके से वह पुर्जा उसे थमा दिया. वहां मौजूद अधिकारियों को इन कर्मियों की गतिविधियों पर संदेह हुआ. इसके बाद तुरंत जांच की गई. अभ्यर्थी की तलाशी लेने पर उसके पास से उत्तरों वाली पर्ची बरामद हो गई.

गिरफ्तारी और बड़ी जांच के आदेश

गड़बड़ी पकड़े जाने के बाद केंद्र पर अफरातफरी मच गई. सेंटर के चीफ के आवेदन पर सोहसराय थाने में तुरंत प्राथमिकी दर्ज की गई और तीनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया. पकड़े गए कर्मियों में चंदन कुमार नूरसराय का रहने वाला है.

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन तकनीकी कर्मियों के पास परीक्षा शुरू होने से पहले ही उत्तर कहां से आए थे. क्या इस खेल के पीछे कोई बड़ा सॉल्वर गैंग है? साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या सिर्फ एक ही अभ्यर्थी के साथ सेटिंग थी या और भी लोग इसमें शामिल थे.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

परीक्षा में रही कम उपस्थिति

शिक्षा विभाग के मुताबिक इस गड़बड़ी के बीच परीक्षा में परीक्षार्थियों की उपस्थिति काफी कम रही. जिले के 15 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में आधे से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल ही नहीं हुए. पहली पाली में जहां 9732 परीक्षार्थियों में से केवल 4285 ही उपस्थित रहे, वहीं दूसरी पाली में यह संख्या और कम होकर 4250 रह गई. फिलहाल पूरे जिले में केवल इसी केंद्र पर कदाचार का मामला दर्ज हुआ है और पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

इसे भी पढ़ें: पताही हवाई अड्डे पर एक-दो हफ्ते में शुरू होगा काम, छोटे विमानों से शुरू होगी सेवा, टेंडर फाइनल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >