बीपीएससी 70वीं : महिला अभ्यर्थी ने दूसरे के रोल नंबर पर दस्तावेज सत्यापन में शामिल होने का किया प्रयास

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की एकीकृत 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत चल रही साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है

संवाददाता,पटना बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की एकीकृत 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत चल रही साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है. आयोग ने बताया है कि एक महिला अभ्यर्थी ने अपने मूल रोल नंबर व प्रवेश पत्र में छेड़छाड़ कर किसी अन्य चयनित महिला अभ्यर्थी के रोल नंबर का दुरुपयोग करते हुए दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया में शामिल होने का प्रयास किया. आयोग के अनुसार, साक्षात्कार के दौरान दस्तावेज सत्यापन के क्रम में संदेह होने पर जब दोनों दस्तावेजों की गहन जांच की गयी, तो रोल नंबर और परीक्षा से संबंधित विवरणों में छेड़छाड़ की पुष्टि हुई. इसके बाद संबंधित महिला अभ्यर्थी को तत्काल चिह्नित करते हुए दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया से अलग कर दिया गया. आयोग ने स्पष्ट किया है कि मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. बीपीएससी ने सभी अभ्यर्थियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार या किसी भी अन्य परीक्षा प्रक्रिया में जालसाजी, दस्तावेजों में छेड़छाड़, प्रतिरूपण (इम्परसनेशन) अथवा किसी भी प्रकार का छल-कपट गंभीर अपराध है. ऐसे कृत्य जांच के दौरान अनिवार्य रूप से पकड़ में आते हैं. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस तरह के मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता तत्काल निरस्त कर दी जाएगी और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. बीपीएससी ने अभ्यर्थियों से परीक्षा प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखने और पूरी ईमानदारी के साथ भाग लेने की अपील की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANURAG PRADHAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >