पटना-गया एनएच-22 पर घर पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें, मौत के बाद ग्रामीणों ने घंटों किया सड़क जाम

Patna News: पटना-गया NH-22 पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई. हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग की.

Patna News: पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-22) पर काफरपुर गांव के समीप मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-22 को जाम कर दिया. इससे पटना और गया की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा.

बाजार से लौट रहे थे धुरी यादव

मृतक की पहचान काफरपुर गांव निवासी धुरी यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार धुरी यादव बाजार से खरीदारी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान काफरपुर गांव के मोड़ के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया.

मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-22 जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, फरार कार चालक की जल्द गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे थे. जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.

पुलिस ने शुरू की जांच, चालक की तलाश जारी

सूचना मिलते ही उमता-धरनई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने की कोशिश की और मामले की जांच शुरू कर दी. प्रशासन ने आश्वासन दिया कि दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की पहचान कर जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

गांव में पसरा मातम, जाम हटाने की कोशिश जारी

समाचार लिखे जाने तक एनएच-22 पर जाम जारी था. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों से वार्ता कर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे थे. इधर, धुरी यादव की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरे काफरपुर गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.

ALSO READ: किस जाति से आते हैं अभिषेक कुमार? बांकीपुर से BJP उम्मीदवार बनते ही बोले- प्रशांत किशोर मेरे लिए कोई


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ramesh kumar

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >