Bihar Weather: बिहार में लू से मिली राहत, तापमान में गिरावट, जानें कब होगी बारिश

Bihar Weather: पटना. बंगाल में उठे चक्रवात से बिहार में पुरवैया चलने लगी है. इससे जहां लू से राहत मिली है, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी है. एक दो दिनों में बारिश के आसार बन रहे हैं.

Bihar Weather: पटना. इंडिया मेटेरोलॉजिकल डिपार्टमेंट (आइएमडी) ने बिहार के मौसम के संदर्भ में राहत भरा पूर्वानुमान जारी किया है. आइएमडी पटना ने कहा है कि लू और प्रचंड गर्मी से बिहार को कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है. दरअसल, चार मई से उत्तर-पूर्व के जिलों, पांच मई को दक्षिण-पूर्व में और छह मई से पूरे राज्य में बारिश होने के आसार हैं. इससे राज्य को प्रचंड गर्मी से आठ तारीख तक राहत मिलने की संभावना है.

उच्चतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज

आइएमडी की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक अप्रैल में दस दिन लू और पांच दिन भयंकर लू झेली है. इस तरह भयंकर गर्मी और गर्म पछुआ की तपिश झेल रहे बिहार को हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ ने बारिश की राहत दी है. साथ ही उत्तर-पूर्व राज्यों एवं बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है. इसका असर पिछले एक-दो दिन से देखा भी जा रहा है. बिहार के औसतन तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी है. जहां अभी तक तकरीबन पूरे बिहार में भयंकर लू चल रही थी, गुरुवार को केवल एक जगह शेखपुरा में लू दर्ज की गयी है. यहां उच्चतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

बिहार में बहने लगी पुरवैया

फिलहाल नयी मौसमी दशा व सिस्टम के प्रभाव से चार मई से बिहार के उत्तर-पूर्वी जिलों मसलन सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में बारिश की शुरुआत हो सकती है. खास बात यह कि साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से बिहार में पछुआ कुछ कमजोर हुई है. पुरवैया भी बिहार में बहने लगी है. इस तरह दोनों हवाओं का बेहद कमजोर संयोग हो रहा है. इसकी वजह से गर्मी से राहत मिली है.

बिहार में मई में लू के दिनों की संख्या बढ़ेगी

पटना आइएमडी ने मई की लंबी अवधि के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य में लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रह सकती है. इसके अलावा मई में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा. न्यूनतम तापमान सामान्य रहेगा. पूर्वानुमान के मुताबिक राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मई में वर्षा सामान्य या इससे कम रहेगी. इस तरह मई माह में शुरुआती कुछ दिनों के बाद एक बार फिर पूरी ताकत से लू चलने की आशंका है. मई खूब तपेगा.
आइएमडी के निदेशक सुनील थूल ने बताया कि मई के पहले हफ्ते में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य में बरसात होगी. हालांकि इसके बाद गर्मी का दौर फिर शुरू होगा. थूल के मुताबिक तुलनात्मक रूप में बिहार में लू के दिनों में 35 फीसदी का इजाफा दिख रहा है.

Also Read: Bihar: राबड़ी देवी ने बहू राजश्री को सिखाया चक्की चलाना, तेजस्वी की पत्नी ने इंस्टा पर शेयर की फीलिंग

सीतामढ़ी में 38 डिग्री रहा तापमान

सीतामढ़ी जिला कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ राम इश्वर प्रसाद से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री के आसपास रहा. अगले तीन दिन तक जिले का अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री रहने का अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग द्वारा आगामी छह मई, सोमवार को जिले का मौसम खराब होने का अनुमान जताया जा रहा है. आंधी-पानी और ओलावृष्टि के साथ मौसम खराब हो सकता है. इसके लिए लोगों को पहले से तैयार रहने की जरूरत है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >