बिहार में मौसम का डबल अटैक, कहीं हीट वेव तो कहीं आंधी-बारिश का अलर्ट, जानिए आपके जिले का हाल

Bihar Weather Update: बिहार में मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. एक तरफ 4 जिलों में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, तो दूसरी ओर 5 जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. जानिए आपके जिले का कैसा रहेगा मौसम…

Bihar Weather Update: बिहार में मौसम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. एक तरफ कई जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव लोगों को झुलसा रही है, तो दूसरी ओर कुछ इलाकों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा मंडरा रहा है. मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 4 जिलों के लिए हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं 5 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार प्रभावित जिलों में करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

अगले 5 दिनों तक बदलता रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि बिहार में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां एक्टिव हैं. इसी वजह से अगले पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता रहेगा. कहीं बादल छाए रहेंगे तो कहीं तेज हवा और बारिश देखने को मिल सकती है. हालांकि दक्षिण बिहार और पटना समेत कई इलाकों में गर्मी से अभी राहत मिलने की उम्मीद कम बताई जा रही है.

डेहरी बना बिहार का सबसे गर्म शहर, टूटा 14 साल का रिकॉर्ड

इस बार मई महीने की गर्मी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. शनिवार को रोहतास जिले का डेहरी बिहार का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह केवल इस सीजन का ही नहीं बल्कि पिछले 14 वर्षों में मई महीने का सबसे अधिक तापमान माना जा रहा है. इससे पहले 22 मई को राज्य का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

13 जिलों में 40 डिग्री के पार पहुंचा पारा

शनिवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिहार के 13 जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी. गर्मी का असर सबसे ज्यादा दक्षिण और मध्य बिहार के इलाकों में देखने को मिला.

शाम होते ही बदला मौसम, कई जिलों में झमाझम बारिश

जहां दिन में भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल किया, वहीं शाम होते-होते उत्तर बिहार के कई जिलों में मौसम अचानक बदल गया. सुपौल, सीतामढ़ी, किशनगंज और अररिया में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई.

सुपौल में बारिश के दौरान ओले भी गिरे, जिससे मौसम अचानक ठंडा हो गया. वहीं अररिया में तेज आंधी और बारिश के दौरान सदर रोड स्थित एक विशाल पीपल का पेड़ गिर गया. हादसे में आधा दर्जन दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं. हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

पटना में अभी गर्मी से राहत नहीं

पटना में फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 मई तक पटना का अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. वहीं न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आज और कल दोपहर बाद हल्के बादल छा सकते हैं. 26 और 27 मई को आंशिक रूप से बादल रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन फिलहाल बारिश के आसार बेहद कम बताए गए हैं.

मौसम विभाग की लोगों और किसानों को सलाह

मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. विभाग ने कहा है कि आंधी-बारिश और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें.

किसानों को भी खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वहीं जिन जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है.

Also Read: अब खत्म होगी आनंद मोहन की नाराजगी, चेतन को सीएम सम्राट ने दी ये जिम्मेदारी, मिलेगा उप मंत्री का दर्जा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >