Bihar TRE4 Teacher Recruitment: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण (TRE-4) को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है. शिक्षा विभाग बिहार और BPSC के बीच हुई बैठक के बाद नई प्रक्रिया लगभग तय मानी जा रही है. इस बार भर्ती सिस्टम को ज्यादा साफ, आसान और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है. इससे लाखों अभ्यर्थियों को सीधा फायदा मिल सकेगा.
नई व्यवस्था के बारे में जानिये
नई व्यवस्था के तहत अब चयन पूरी तरह मेरिट यानी मेधा सूची के आधार पर होगा. मतलब साफ है कि जिसने जितना अच्छा प्रदर्शन किया है, उसे उसी हिसाब से जिला मिलेगा. आरक्षण के नियमों का भी पूरी सख्ती से पालन किया जाएगा. पहले कई बार जिला आवंटन को लेकर भ्रम की स्थिति बनती थी, लेकिन इस बार प्रक्रिया को ज्यादा स्पष्ट बनाने की कोशिश है.
अब 38 जिलों का विकल्प भरने का मौका
सबसे बड़ा बदलाव जिला विकल्प को लेकर किया गया है. पहले अभ्यर्थी सिर्फ तीन जिलों का ही विकल्प दे सकते थे, लेकिन अब उन्हें सभी 38 जिलों का विकल्प भरने का मौका मिलेगा. फॉर्म भरते समय विकल्प देना जरूरी होगा, नहीं तो आवेदन मान्य नहीं माना जाएगा. इससे उम्मीदवारों के पास ज्यादा मौके होंगे और वे अपनी पसंद के हिसाब से जिले चुन सकेंगे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
अब बस आवेदन शुरू होने का इंतजार
इसके अलावा, पुराने अल्फाबेट सिस्टम को खत्म करने की तैयारी है. पहले इसी सिस्टम के आधार पर जिला आवंटन होता था, लेकिन अब इसे हटाकर सीधी और सरल प्रक्रिया लागू की जाएगी. इससे ट्रांसफर जैसी परेशानियां भी कम होंगी, क्योंकि जिस जिले में नियुक्ति होगी, वहीं काम करना होगा. इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 46595 पदों को भरा जाएगा.
इनमें से करीब 45 हजार पद शिक्षा विभाग के हैं. बाकी पद अलग-अलग कल्याण विभागों में होंगे. कक्षा 1 से 12 तक के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. माना जा रहा है कि अप्रैल में इसका विज्ञापन जारी हो सकता है. अभ्यर्थियों को अब बस आवेदन शुरू होने का इंतजार है.
इसे भी पढ़ें: बिहार STF ने नवादा में PLFI नक्सलियों की साजिश को किया नाकाम, 40 किलो विस्फोटक पकड़ा, दो गिरफ्तार
बिहार के लोग हो जाएं सतर्क, 27 मार्च तक सभी जिलों में ऐसा रहेगा मौसम का हाल
