बिहार में 3 नए रिवरफ्रंट एक्सप्रेस-वे की टेंडर प्रक्रिया शुरू, गंगा और गंडक किनारे फर्राटा भरेंगी हाईस्पीड गाड़ियां, क्या होंगे नाम?

Expressway In Bihar: बिहार में गंगा और गंडक नदी के किनारे 220 किलोमीटर लंबे तीन नए फोरलेन रिवरफ्रंट एक्सप्रेस-वे बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. विश्वामित्र पथ, अंबिका पथ और नारायणी पथ नाम की ये सड़कें राज्य में यातायात, व्यापार और निवेश को नई रफ्तार देंगी.

Expressway In Bihar: बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ी योजना पर काम शुरू कर दिया है. गंगा और गंडक नदी के किनारे करीब 220 किलोमीटर लंबे तीन नए फोरलेन रिवरफ्रंट एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे. माना जा रहा है कि इन सड़कों के बनने से राज्य में यातायात, व्यापार और निवेश को नई रफ्तार मिलेगी. इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बिहार राज्य पथ विकास निगम (BSRDC) विकसित करेगा. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

पहले बनेगी विस्तृत रिपोर्ट

पथ निर्माण विभाग के अनुसार, परियोजना के लिए विशेषज्ञ एजेंसियों का चयन किया जाएगा. ये एजेंसियां सड़क का डिजाइन, भूमि अधिग्रहण, पर्यावरणीय मंजूरी और अन्य तकनीकी पहलुओं का अध्ययन करेंगी. अगले 12 महीनों में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार होने के बाद निर्माण लागत तय की जाएगी और फिर निर्माण कार्य शुरू होगा.

PPP मॉडल पर बनेगी परियोजना

सरकार इन तीनों एक्सप्रेस-वे को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित करेगी. इससे सरकार पर वित्तीय बोझ कम पड़ेगा और निजी निवेश भी आकर्षित होगा. इन तीनों परियोजनाओं का नाम विश्वामित्र पथ, अंबिका पथ और नारायणी पथ रखा गया है.

विश्वामित्र पथ: मनेर से बक्सर तक

विश्वामित्र पथ करीब 90 किलोमीटर लंबा होगा. यह मनेर से शुरू होकर आरा होते हुए बक्सर तक जाएगा. बक्सर में इस सड़क को उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और जनेश्वर मिश्र पुल से जोड़ा जाएगा. इससे बिहार से लखनऊ और दिल्ली तक की यात्रा आसान और तेज हो जाएगी.

अंबिका पथ: पटना के ट्रैफिक को मिलेगी राहत

अंबिका पथ लगभग 56 किलोमीटर लंबा होगा. यह बिदुपुर, सोनपुर और दिघवारा को जोड़ेगा. यह सड़क जेपी सेतु, महात्मा गांधी सेतु और कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल से भी जुड़ेगी. इसके बनने से पटना में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना आसान हो जाएगा.

नारायणी पथ: व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार

नारायणी पथ 74 किलोमीटर लंबा फोरलेन एक्सप्रेस-वे होगा. यह सोनपुर के दरिहारा से गोपालगंज के डुमरिया तक गंडक नदी के किनारे बनाया जाएगा. यह मार्ग पटना को ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर से जोड़ेगा. साथ ही माल ढुलाई, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा. सारण और गोपालगंज के दियारा क्षेत्रों के विकास में भी यह सड़क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

रोजगार और निवेश के बढ़ेंगे अवसर

पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र ने कहा कि विकसित बिहार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आधुनिक सड़क नेटवर्क जरूरी है. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सड़क परिवहन बेहतर होगा, निवेश बढ़ेगा, उद्योगों को फायदा मिलेगा और पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी. इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

सरकार का मानना है कि ये तीनों रिवरफ्रंट एक्सप्रेस-वे बिहार को राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ेंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे.

Also Read: ‘खान सर सरेंडर नहीं करेंगे…’, वकील ने बताया आगे का पूरा प्लान, गिरफ्तार हुए तो नहीं मिलेगी जमानत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >