बिहार में सोलर पैनल लगाने पर 78 हजार तक सब्सिडी, 5 साल तक फ्री मेंटेनेंस की मिलेगी सुविधा

PM Suryaghar Yojana: बिहार में सोलर पैनल लगाने पर सरकार 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दे रही है. साथ ही लाभार्थियों को पांच साल तक मुफ्त मेंटेनेंस की सुविधा भी मिलेगी. जिससे लंबे समय तक बिना अतिरिक्त खर्च के बिजली का लाभ मिल सकेगा.

PM Suryaghar Yojana: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के लौरिया प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभा कक्ष में शनिवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर वर्कशॉप का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी ने की. बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया.

योजना की विस्तृत जानकारी दी गई

कार्यशाला में योजना के जीआरएम साकेत सिंह ने योजना की रूपरेखा समझाई. उन्होंने बताया कि यह योजना नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय तथा बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग के सहयोग से संचालित है. योजना के क्रियान्वयन के लिए ग्राम भारत इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को अधिकृत एजेंसी बनाया गया है.

एजेंसी ग्रामीण, शहरी, घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक उपभोक्ताओं के यहां सोलर सिस्टम लगाने के लिए अधिकृत है. पात्र लाभार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा.

78 हजार रुपये तक अनुदान

घरेलू उपभोक्ताओं को भारत सरकार की ओर से अधिकतम 78 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा. सोलर सिस्टम लगाने के 14 दिनों के भीतर यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाएगी.

तीन किलोवाट तक के सोलर सिस्टम के लिए आधार और पैन कार्ड के आधार पर लोन भी उपलब्ध होगा. इसके लिए आय प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है. ऋण पर छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर देय होगी. सभी बैंकों को ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं.

पांच वर्ष तक फ्री मेंटेनेंस

बैठक में बताया गया कि सोलर पैनल पर 25 वर्ष की वारंटी मिलेगी. वहीं सोलर इनवर्टर पर आठ वर्ष की वारंटी दी जाएगी. एजेंसी पांच वर्षों तक फ्री मेंटेनेंस की सुविधा देगी.

बीडीओ संजीव कुमार, अंचलाधिकारी नितेश कुमार सेठ और बीपीआरओ सोनाली गुप्ता ने आवेदन और स्वीकृति प्रक्रिया की जानकारी दी. बिजली विभाग के जेई संजय कुमार सिंह और संजय कुमार शर्मा ने तकनीकी मानकों के अनुरूप स्थापना पर जोर दिया. अंत में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील की गई.

Also Read: सोनपुर में 4200 एकड़ में बनेगा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नीतीश कैबिनेट में 35 एजेंडों पर लगी मुहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >