Bihar Road Development: कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल जून महीने तक शुरू हो जाएगा. पुल के पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद उत्तर बिहार को पटना समेत दक्षिण बिहार से जुड़ाव मजबूत हो जाएगा. जानकारी के मुताबिक, पुल का निर्माण अंतिम फेज में है. रविवार को पाया नंबर 61 पर पुल का अंतिम सेगमेंट भी सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया.
सिक्सलेन पुल की लंबाई और लागत
ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि इस सिक्सलेन पुल पर जून तक आवागमन शुरू हो सकता है. पुल की लंबाई लगभग 22.76 किलोमीटर है. इस पुल में 67 पाया बनाया गया है. सिक्सलेन पुल के निर्माण की लागत लगभग 4988.4 करोड़ रुपए है. इससे पहले, पहले फेज में कच्ची दरगाह से राघोपुर तक 4.57 किलोमीटर लंबे पुल का उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 23 जुलाई, 2024 को किया था.
रविवार को हुआ अंतिम फेज का काम
पुल के अंतिम सेगमेंट को चढ़ाने के लिए रविवार सुबह से ही एलएंडटी, देबू ज्वाइंट वेंचर और बीएस आरडीसी के अधिकारी मौके पर मौजूद थे. अधिकारियों की टीम एक बाज जहाज पर सवार होकर पाया नंबर 61 के पास पहुंची. दूसरे बाज जहाज पर सेगमेंट लोड कर लाया गया था. इस दौरान बाज जहाज को फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था.
कोरियाई कंपनी ने तैयार किया डिजाइन
जानकारी के मुताबिक, कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन ब्रिज का निर्माण एलएंडटी और कोरियाई कंपनी देबू ज्वांइंट वेंचर कर रही है. पुल का डिजाइन कोरियाई कंपनी ने तैयार किया है. महासेतु के शुरू होने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच की दूरी घटेगी. पटना से वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी का सफर आसान हो जायेगा. अभी लोगों को गांधी सेतु या जेपी सेतु का सहारा लेना पड़ता है, जहां जाम की समस्या रहती है.
Also Read: बिहार में मगध मेडिकल अस्पताल की नर्सिंग छात्राओं का अश्लील वीडियो वायरल, देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा
