बिहार में अगले 2 दिनों तक चलेगा आंधी-बारिश का दौर, इन 5 जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट

Bihar Rain Alert: बिहार में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है. इसके साथ ही आज 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान तेज बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है.

Bihar Rain Alert: बिहार में मौसम अभी खुशनुमा बना हुआ है. दोपहर के वक्त धूप खिलने से थोड़ी ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है. लेकिन सुबह और शाम के वक्त मौसम सुहावना रह रहा है. मौसम विभाग की ओर से बिहार में अगले दो दिनों के दौरान राज्य में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई गई है. पिछले 24 घंटे में भी कई जिलों में बारिश हुई.

इन 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

आज मौसम विभाग ने 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. उन 5 जिलों में अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा और सुपौल शामिल है. इन जिलों में तेज बारिश के साथ ठनका गिरने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है.

पिछले 24 घंटे में कितनी हुई बारिश?

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटे के दौरान जलालपुर में 72.3 एमएम, मढ़ौरा में 49, भोरे में 46 एमएम, पूसा में 45.8 एमएम, धरौंदा में 45.5 एमएम, महाराजगंज में 45 एमएम और बनियापुर में 42 एमएम बारिश दर्ज की गई है. साथ ही पटना सहित आसपास के इलाकों में 15 एमएम से अधिक बारिश हुई है.

बिहार में कैसा रहा तापमान?

बिहार का अधिकतम तापमान 29.4 से 36.6 डिग्री के बीच रहा. पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी भाग के कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई. सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री वाल्मीकि नगर में रहा. राज्य का न्यूनतम तापमान 18 से 25.1 डिग्री के बीच रहा. मौसम विभाग की माने तो, अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है.

पटना में कैसा रहेगा मौसम?

पटना और आसपास के इलाकों में मौसम का बदलाव जारी रहेगा. मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. जबकि शनिवार और रविवार को जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के अलावा बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं चलने के साथ बिजली भी कड़कने की संभावना है.

Also Read: मंत्रिमंडल विस्तार से राज्य और कोसी क्षेत्र को मिलेगी नई गति, बोले पूर्व मंत्री आलोक रंजन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >