Bihar Politics: राजद के विधायक फैसल रहमान ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ तस्वीरें शेयर की, जिसके बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. फैसल रहमान ने सीएम नीतीश कुमार के साथ मुलाकात की तस्वीरों को शेयर किया. गौर करने वाली बात यह है कि ये वही राजद के विधायक हैं, जिन्होंने राज्यसभा चुनाव के दौरान वोटिंग से दूरी बनाए रखी.
फेसबुक पर RJD विधायक ने क्या-क्या लिखा?
आज मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात की तस्वीरें शेयर कर लिखा, ‘ढाका क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान क्षेत्र के चौमुखी विकास हेतु सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.’
आगे विधायक फैसल रहमान ने यह भी लिखा, ‘मुख्यमंत्री जी ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया तथा क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से ढाका के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा.’
क्या फैसल रहमान बदलेंगे पाला?
इस मुलाकात की तस्वीरों को शेयर किए जाने और राजद विधायक की ओर से सीएम नीतीश पर भरोसा किए जाने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि फैसल रहमान पाला बदलने की तैयारी में तो नहीं. ऐसा इसलिए भी कयास लगाया जा रहा है क्योंकि बिहार विधानसभा की 19 समितियों का गठन हाल ही में किया गया. इसमें गैर सरकारी विधेयक एवं संकल्प समिति के चेयरमैन फैसल रहमान बनाए गए हैं.
राज्यसभा चुनाव में नहीं की थी वोटिंग
बिहार में राज्यसभा चुनाव के दौरान जमकर सियासी ड्रामा देखने को मिला था. फैसल रहमान ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ जाकर वोटिंग से दूरी बना ली थी. लेकिन उन्होंने मां की बीमारी का हवाला दिया और महागठबंधन के उम्मीदवार को वोट नहीं दिया. इसका सीधा असर नतीजों पर पड़ा और उम्मीदवार की हार हो गई. ऐसे में अब फैसल रहमान की आगे की क्या कुछ गतिविधियां होती है, यह देखने वाली बात होगी.
Also Read: अप्रैल में सताएगी गर्मी, आंधी-बारिश की चेतावनी नहीं, चढ़ेगा पारा
