'पंजा-लालटेन वालों ने बिहार को पलायन और जंगलराज की पहचान दी', पीएम मोदी बोले- अब विकास से घबरा रहे हैं...

PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीवान में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर करारा हमला बोला. उन्होंने राजद-कांग्रेस शासन को जंगलराज और पलायन का प्रतीक बताया और कहा कि अब बिहार विकास की नई उड़ान भरने को तैयार है.

PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सीवान के जसौली में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष, खासकर राजद और कांग्रेस पर सीधा और तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने मिलकर जंगलराज का सफाया कर दिया है और अब राज्य विकास की नई इबारत लिखने को तैयार है.

“नौजवानों ने सिर्फ जंगलराज की कहानियां सुनी हैं”

पीएम मोदी ने कहा कि आज के युवा सिर्फ राजद-कांग्रेस के कुशासन की कहानियां सुनते हैं, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं कि पंजे और लालटेन के शासनकाल ने बिहार को किस हद तक बर्बाद कर दिया था. “इन लोगों ने बिहार को पलायन का प्रतीक बना दिया था. लोगों को रोजगार नहीं, डर और असुरक्षा मिली थी.”

“ये लोग विकास की बात करें तो दिखते हैं ताले”

उन्होंने कहा कि RJD और कांग्रेस की सरकारें निवेश विरोधी और बिहार विरोधी रही हैं. “जब ये लोग विकास की बात करते हैं तो लोगों को दुकान, मकान और स्कूलों में ताले लटकते नजर आते हैं.” पीएम ने कहा कि इन दलों ने माफिया, गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार को पोषित किया.

“विदेश से लौटते ही बिहार आया, आपकी ऊर्जा ही मेरी प्रेरणा”

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि वे कल ही विदेश से लौटे हैं, जहां कई विकसित देशों के नेताओं से बातचीत हुई. उन्होंने कहा, “सारी दुनिया आज भारत की तेजी से बढ़ती ताकत को देख रही है. वे भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनते देख रहे हैं और इसमें बिहार की भूमिका अहम होगी.”

“मोदी शांत नहीं बैठेगा, बिहार के लिए बहुत कुछ करना बाकी है”

मोदी ने कहा, “हमने बहुत कुछ किया है, लेकिन इतना करके रुकने वाला मैं नहीं हूं. मुझे बिहार के गांव-गांव, घर-घर, और हर नौजवान के लिए काम करना है.” उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों में ही बिहार में:

  • 55 हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़कें बनीं
  • 1.5 करोड़ घरों को बिजली कनेक्शन मिला
  • 1.5 करोड़ घरों को जल कनेक्शन
  • 45 हजार से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित किए गए

प्रधानमंत्री ने अंत में जनता से समर्थन की अपील करते हुए कहा, “बिहार की समृद्धि अब सिर्फ सपना नहीं, संकल्प है और उसे पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है.”

Also Read: बिहार से अफ्रीका तक दौड़ेगा ‘मेड इन इंडिया’ रेल इंजन, सीवान से पीएम मोदी ने दिखाई पहली खेप को हरी झंडी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >