सिपाही भर्ती परीक्षा के बाद पटना के स्टेशनों पर उमड़ी छात्रों की भीड़, घर लौटने के लिए लगी लंबी-लंबी कतारें

Bihar Police Exam : बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा समाप्त होने के बाद पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल और दानापुर स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त कोच, सुरक्षा बलों की तैनाती और विशेष प्रबंधन के जरिए यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित की.

पटना से आनंद तिवारी की रिपोर्ट
Bihar Police Exam : बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा संपन्न होने के बाद राजधानी के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बुधवार को परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने-अपने गृह जिलों और अन्य राज्यों के लिए रवाना होने पहुंचे, जिससे पटना जंक्शन, पाटलिपुत्र जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल और दानापुर स्टेशन पर दिनभर यात्रियों की चहल-पहल बनी रही.

प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालयों में दिखी भारी भीड़

23 और 24 जून को आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा समाप्त होने के बाद सुबह से ही छात्र-छात्राओं का स्टेशन पहुंचना शुरू हो गया था. दोपहर और शाम के समय प्लेटफॉर्म, आरक्षण केंद्र, प्रतीक्षालय और स्टेशन परिसरों में काफी भीड़ देखने को मिली. कई ट्रेनों के सामान्य कोचों में यात्रियों की संख्या अधिक रहने से अभ्यर्थियों को सीट पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी.

छात्रों की भीड़

रेलवे ने किए विशेष इंतजाम

भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की थी. पटना जंक्शन और पाटलिपुत्र जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRPF) के जवान लगातार निगरानी करते रहे. प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी. यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहे और उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार आवश्यक सूचनाएं दी जाती रहीं.

अतिरिक्त कोच और विशेष ट्रेनों का संचालन

रेलवे अधिकारियों के अनुसार परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए गए. आवश्यकता के अनुसार विशेष ट्रेनों का भी परिचालन किया गया, ताकि अभ्यर्थियों को घर लौटने में परेशानी न हो. विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और रेलवे द्वारा की गई व्यवस्थाओं से उन्हें राहत मिली.

मेडिकल टीम भी रही अलर्ट

स्टेशन परिसर में सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया. मेडिकल टीमों को अलर्ट मोड में रखा गया था तथा पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही थी. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने, भीड़भाड़ से बचने और निर्धारित प्रवेश द्वारों का ही उपयोग करने की अपील की. देर शाम तक हजारों परीक्षार्थी विभिन्न ट्रेनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके थे.

इसे भी पढ़ें : भरत तिवारी मामले में न्याय की मांग को लेकर करणी सेना का महापंचायत, कई राज्यों से हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >