गोली चलाओगे, तो गोली खाओगे… सम्राट की चेतावनी के बाद एक्शन में बिहार पुलिस, 48 घंटे में 4 अपराधियों का एनकाउंटर

Encounter In Bihar: ‘गोली चलाओगे, तो गोली खाओगे’ वाले सम्राट चौधरी के बयान के बाद बिहार पुलिस लगातार एक्शन में दिख रही है. पिछले 48 घंटे में राज्य के अलग-अलग जिलों में 4 अपराधियों का एनकाउंटर हुआ है.

Encounter In Bihar: बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन लगातार तेज होता जा रहा है. पिछले 48 घंटे में राज्य में चौथा पुलिस एनकाउंटर हुआ है. ताजा मामला समस्तीपुर से सामने आया है, जहां पुलिस और बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हुई. इस दौरान कुख्यात बदमाश प्रिंस कुमार पुलिस की गोली से घायल हो गया. गोली उसके पैर में लगी है. फिलहाल उसका इलाज समस्तीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है.

हथियार बरामदगी के दौरान भागने लगा था बदमाश

पुलिस के मुताबिक प्रिंस कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया गया था. उसके पास से छिनतई का कुछ सामान बरामद हुआ था, लेकिन हथियार नहीं मिला था. पूछताछ में उसने हथियार छिपाने की जानकारी दी थी. मंगलवार शाम पुलिस की टीम उसे लेकर उजियारपुर थाना क्षेत्र में हथियार बरामद करने जा रही थी. तभी उजियारपुर हाई स्कूल के पास प्रिंस अचानक पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने लगा.

पुलिस ने पहले उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका. इसके बाद पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें गोली उसके पैर में जा लगी.

कई लूट और छिनतई मामलों में नाम

जानकारी के अनुसार प्रिंस कुमार हाल के दिनों में उजियारपुर, सराय रंजन और कल्याणपुर थाना क्षेत्रों में हुए सीएसपी लूट और सड़क छिनतई की कई घटनाओं में शामिल रहा है. पुलिस काफी दिनों से उसकी तलाश कर रही थी.

48 घंटे में बिहार में चौथा एनकाउंटर

बिहार में लगातार हो रहे एनकाउंटर अब चर्चा का विषय बन गए हैं. सोमवार सुबह सीवान में जामापुर सोना दुकान लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने पीछा कर गोली मारी थी.

पटना में शिक्षक से लूट और फायरिंग मामले में एक बदमाश संदीप उर्फ बादल घायल हुआ था, जबकि उसका साथी पकड़ा गया.

मंगलवार सुबह पटना में सिक्योरिटी वैन से 27 लाख लूट मामले में भी एक आरोपी को पैर में गोली लगी.
अब समस्तीपुर में प्रिंस कुमार पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है.

‘गोली चलाओगे तो गोली खाओगे’ बयान के बाद तेज हुआ एक्शन

सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों को खुली चेतावनी देते हुए कहा था, ‘अगर बदमाश गोली चलाएंगे, तो गोली खाएंगे’. इसके बाद लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई को सरकार के सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.

Also Read: समस्तीपुर में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, कुख्यात प्रिंस कुमार के पैर में लगी गोली

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >