Bihar Police Alert: बिहार में रामनवमी को लेकर इस बार सुरक्षा के काफी कड़े इंतजाम किए गए हैं. बिहार के हर जिले में किसी भी तरह की गड़बड़ी से निपटने के लिए एक्स्ट्रा पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. कुल 45 अतिरिक्त कंपनियां सुरक्षा में लगाई गई हैं और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं. पूरे राज्य में 29 मार्च तक यह अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी.
डीजीपी ने क्या निर्देश दिया
डीजीपी विनय कुमार ने सभी बड़े पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी शरारती या असामाजिक तत्व को बख्शा न जाए. अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है. साथ ही सभी प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खास निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.
अलर्ट मोड में बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड
पुलिस ने यह भी तय किया है कि मंदिरों और जुलूस वाले रास्तों पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी. इसके अलावा सादे कपड़ों में पुरुष और महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके. बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड को भी अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके.
इन जिलों में विशेष सतर्कता
रामनवमी के दिन मंदिरों में भारी भीड़ होती है और कई जगहों पर महावीरी झंडा और शोभायात्राएं भी निकलती हैं. ऐसे में किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. बिहार के गया, रोहतास, नालंदा, दरभंगा, नवगछिया और खगड़िया जिलों को ज्यादा संवेदनशील माना गया है और वहां विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
गलत खबरों का तुरंत जवाब देगी सोशल मीडिया टीम
इसके अलावा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी नजर रखी जाएगी. हर जिले में सोशल मीडिया टीम बनाई गई है, जो गलत खबरों का तुरंत जवाब देगी. किसी भी आपात स्थिति में एसपी खुद मौके पर पहुंचेंगे. दंगा नियंत्रण के लिए हेलमेट, सुरक्षा उपकरण, आंसू गैस और वाटर कैनन भी तैयार रखे गए हैं. हर जिले में क्विक रिस्पांस टीम भी बनाई गई है, ताकि तुरंत कार्रवाई हो सके.
इसे भी पढ़ें: पटना से पूर्णिया तक बदलेगा मौसम का मिजाज, 27, 28 और 29 मार्च को इन जिलों में होगी भारी बारिश
