पटना को मिलेगा दूसरा ‘ताज’, बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन पर बनेगा 500 कमरों का लग्जरी फाइव स्टार होटल

Patna News: पटना में बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन पर जल्द ही लग्जरी फाइव स्टार ताज होटल बनाया जाएगा. बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने PPP मॉडल के तहत इसके लिए निजी कंपनी के साथ समझौता किया है.

Patna News: पटना के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. शहर के ऐतिहासिक बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन पर अब लग्जरी फाइव स्टार ताज होटल बनाया जाएगा. इसके लिए बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BSTDCL) ने निजी कंपनी के साथ समझौता कर लिया है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद पटना में पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.

PPP मॉडल के तहत हुआ समझौता

बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन पर होटल निर्माण के लिए सारगा होटल प्रा. लि. के साथ समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए हैं. यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जाएगी. समझौते के मुताबिक इस फाइव स्टार होटल का निर्माण और संचालन द इंडियन होटल कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जाएगा, जो ताज होटल ब्रांड का संचालन करती है.

पटना में बनेंगे तीन फाइव स्टार होटल

बिहार के पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि राज्य के लोगों की लंबे समय से यह अपेक्षा रही है कि पटना आने वाले पर्यटकों और व्यवसायियों को बेहतर आवास की सुविधा मिले. उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से राजधानी में तीन फाइव स्टार होटल बनाने की योजना पर काम चल रहा है.

उन्होंने कहा कि पटना में एक फाइव स्टार होटल का निर्माण पहले से शुरू हो चुका है. दूसरे होटल के लिए आज समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं. तीसरे फाइव स्टार होटल के लिए भी प्रक्रिया जारी है.

500 कमरों वाला होगा ताज होटल

बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन पर बनने वाला यह ताज होटल काफी बड़ा और आधुनिक होगा. इस होटल में कुल 500 कमरे बनाए जाएंगे. निर्माण कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा.

पहले चरण में 350 कमरों का निर्माण होगा. दूसरे चरण में 150 अतिरिक्त कमरे बनाए जाएंगे. चयनित एजेंसी को चार वर्षों के भीतर पहले चरण का निर्माण पूरा करना होगा. योजना के मुताबिक जनवरी 2030 तक होटल का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.

गंगा किनारे और गांधी मैदान के पास खास लोकेशन

बांकीपुर का यह स्थान फाइव स्टार होटल के लिए बेहद उपयुक्त माना जा रहा है. होटल के एक तरफ गंगा नदी का दृश्य होगा, जबकि सामने ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित है. इसके अलावा यह सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर के भी काफी नजदीक है. इस वजह से यहां ठहरने वाले पर्यटकों और बिजनेस डेलिगेशन को काफी सुविधा मिलेगी.

सरकार को मिलेगा 18.60 करोड़ का वार्षिक प्रीमियम

बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर ने बताया कि परिवहन विभाग से बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन पर्यटन विभाग को ट्रांसफर की गई है. इसके बाद इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया गया.

उन्होंने बताया कि चयनित एजेंसी सरकार को हर साल 18.60 करोड़ रुपये का लाइसेंस प्रीमियम और इसके साथ जीएसटी का भुगतान करेगी. इस परियोजना से पटना में पर्यटन ढांचे को मजबूती मिलेगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा.

Also Read: इंजीनियर ‘मुन्ना’ कैसे बना बिहार का सबसे बड़ा नेता? पढ़िए नीतीश कुमार के 10 बार CM बनने तक की पूरी कहानी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >