किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का पूरा जोर, बोले कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा

Bihar News: कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर और खेती को अधिक लाभकारी बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है.

Bihar News (पटना से अजीत कुमार): बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य का किसान खुशहाल और आत्मनिर्भर होगा तभी बिहार और देश में समृद्धि आएगी. उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.

शारदीय (खरीफ) महाअभियान-2026 कर्मशाला का उद्घाटन

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पटना स्थित बामेती सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय शारदीय (खरीफ) महाअभियान-2026 कर्मशाला का उद्घाटन करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं. इन योजनाओं के माध्यम से किसानों की जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया गया है.

उन्होंने कहा कि धरती की उर्वरा शक्ति और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करना होगा. किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि जंगलों में बिना किसी रासायनिक खाद के पेड़-पौधे हरे-भरे रहते हैं और वहां का पर्यावरण भी बेहतर रहता है. यह प्रकृति का सबसे बड़ा उदाहरण है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण से बेहतर उत्पादन और स्वस्थ वातावरण दोनों संभव हैं.

प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना होगा- कृषि मंत्री

कृषि मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में लोगों के बीच विभिन्न बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं. इसके पीछे भोजन में रासायनिक तत्वों की बढ़ती मात्रा भी एक प्रमुख कारण है. यदि लोगों को स्वस्थ रखना है तो प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना होगा. प्राकृतिक खेती से न केवल मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि मानव स्वास्थ्य भी बेहतर होगा.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष योजनाएं चला रही है. इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया जाएगा ताकि अन्य किसान भी उनसे प्रेरणा लेकर इस अभियान से जुड़ सकें. उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीक के साथ-साथ पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की.

पदाधिकारी और विभिन्न जिलों से आए किसानों ने लिया भाग

कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने की. कर्मशाला में कृषि विभाग के अधिकारियों, वैज्ञानिकों, कृषि विशेषज्ञों तथा राज्य के विभिन्न जिलों से आए किसानों ने भाग लिया. इस दौरान खरीफ मौसम की तैयारियों, उन्नत कृषि तकनीकों, बीज उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था तथा कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई.

कर्मशाला में किसानों को खरीफ फसलों की बेहतर उपज के लिए वैज्ञानिक सलाह भी दी गई तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया गया. कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि उत्पादन बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया. इस मौके पर कार्यक्रम में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पौधारोपण भी किया.

Also Read: JDU ने जारी की MLC कैंडिडेट्स की लिस्ट, नीतीश के बेटे निशांत भी बने उम्मीदवार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >