किशनगंज के 6 मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 2-2 लाख, सीएम नीतीश ने जताया शोक

Bihar News: इंदौर में ईवी चार्जिंग से भीषण आग लगने पर 8 लोगों की मौत हो गई थी. उन 8 लोगों में 6 किशनगंज जिले के रहने वाले थे. आज सीएम नीतीश ने घटना को लेकर शोक जताया. इसके साथ ही मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपए अनुदान देने का आग्रह किया.

Bihar News: मध्य प्रदेश के इंदौर में इलेक्ट्रिक कार के चार्जिंग प्वाइंट में शार्ट सर्किट से घर में भीषण आग लगी. इससे बिहार के किशनगंज जिले के रहने वाले 6 लोगों की मौत हो गई. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी 6 लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने इस घटना को काफी दुखद बताया है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रूपए अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है.

सीएम नीतीश कुमार ने यह भी दिया आदेश

जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया है कि मध्य प्रदेश सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके गांव तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शान्ति और उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है.

क्या हुई थी पूरी घटना?

मिली जानकारी के अनुसार, इंदौर के बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में बुधवार की सुबह करीब 4 बजे भीषण हादसा हो गया. एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग में लगा था, तभी उसमें शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई. देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया. इसमें 8 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.

मृतकों और घायलों की पहचान

मृतकों की पहचान विजय सेठिया (65 वर्ष), छोटू सेठिया (22 वर्ष), सुमन (60 वर्ष), मनोज पुगलिया (65 वर्ष), सिमरन (30 वर्ष), राशि सेठिया (12 वर्ष), टीनू (35 वर्ष) और तनय (8 वर्ष) के रूप में हुई. इसके साथ ही घायलों की पहचान सुनीता पुगलिया, सौरभ पुगलिया, सोमिल पुगलिया और हर्षित पुगलिया के रूप में की गई थी.

Also Read: कब तक आ सकता है BPSC TRE-4 का विज्ञापन? प्रदर्शन के बाद जानिए अधिकारियों ने क्या बताया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >