पटना में BPSC परीक्षा में फर्जीवाड़ा, एएन कॉलेज में कैंडिडेट और महिला सुपरवाइजर आंसर की के साथ गिरफ्तार

Bihar News: पटना के एएन कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बीपीएससी परीक्षा के दौरान धांधली का बड़ा मामला सामने आया है. एक अभ्यर्थी और महिला सुपरवाइजर को आंसर की के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. अब पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

Bihar News: पटना के एएन कॉलेज परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बीपीएससी द्वारा आयोजित सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी की परीक्षा में धांधली का मामला सामने आ गया. परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी और महिला सुपरवाइजर को संदिग्ध गतिविधियों में पकड़ा गया.

गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान नालंदा जिले के मानपुर निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है. जांच के दौरान उसके पास से उसी सीरीज (जी-सीरीज) का आंसर पेपर बरामद किया गया, जो उसे परीक्षा में मिला था. इससे यह मामला और गंभीर हो गया, क्योंकि यह संदेह गहरा गया कि आंसर की परीक्षा के दौरान ही उपलब्ध कराई गई थी.

महिला सुपरवाइजर की भूमिका पर गंभीर आरोप

इस मामले में वैशाली की रहने वाली अंशु प्रिया को भी गिरफ्तार किया गया है, जो साईं एडुकेयर कंपनी में सुपरवाइजर और बायोमेट्रिक कर्मचारी के पद पर तैनात थी. आरोप है कि वही अभ्यर्थी को आंसर की उपलब्ध कराने में शामिल थी. बताया जा रहा है कि परीक्षा में बायोमेट्रिक जांच की जिम्मेदारी इसी निजी कंपनी को दी गई थी.

वीक्षकों ने रंगे हाथों पकड़ा

प्राथमिक जांच के अनुसार, वीक्षक प्रमोद कुमार और राजेश्वरी प्रसाद सिंह ने सुपरवाइजर अंशु प्रिया को रौशन कुमार को आंसर की देते हुए रंगे हाथों पकड़ा. इसके बाद तुरंत मामले की सूचना केंद्राधीक्षक को दी गई और दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस को सौंप दिया गया.

प्रश्नपत्र लीक की आशंका से बढ़ी जांच

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब यह सामने आया कि अभ्यर्थी के पास मिला आंसर पेपर उसी जी-सीरीज का था, जो उसे परीक्षा में मिला था. इसी वजह से यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या प्रश्नपत्र पहले से लीक हुआ था या फिर सिस्टम के भीतर ही कहीं गड़बड़ी हुई है. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है.

मोबाइल जब्त, हर पहलू की जांच जारी

पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं और उनकी डिजिटल जांच की जा रही है. दोनों से अलग-अलग पूछताछ की गई, लेकिन दोनों ने खुद को निर्दोष बताया है. रौशन कुमार ने कहा कि उसे आंसर की कैसे मिला, इसकी जानकारी नहीं है, जबकि अंशु प्रिया ने भी किसी तरह की भूमिका से इनकार किया है.

केबी सहाय स्कूल में भी कदाचार, एक गिरफ्तार

इसी बीच शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के केबी सहाय हाई स्कूल परीक्षा केंद्र से भी कदाचार का मामला सामने आया है. यहां नितिन राज नामक अभ्यर्थी को चिट और संदिग्ध सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया. इन दोनों को वीक्षक ने परीक्षा केंद्र पर कदाचार करते हुए पकड़ा. इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया. हालांकि एक अभ्यर्थी पुलिस को चकमा देकर स्कूल परिसर से भाग गया. इस संबंध में शास्त्रीनगर थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गयी है. शास्त्रीनगर थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि कदाचार करने वाले अभ्यर्थियों के पास से चिटपूर्जे मिले हैं. गिरफ्तार एक अभ्यर्थी को जेल भेज दिया गया है.

Also Read: जमुई में बड़ी साजिश का पर्दाफाश: होमगार्ड ने रची अपहरण की झूठी कहानी, 1.50 लाख कैश और क्रेटा कार बरामद

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >