Bihar News : भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह का सफर लोकगीतों से शुरू होकर भोजपुरी सिनेमा और अब राजनीति तक पहुंच चुका है. अपनी दमदार आवाज और अभिनय से उन्होंने करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाई है और अब वे राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
गांव से उठकर बने भोजपुरी के सुपरस्टार
बिहार के भोजपुर (आरा) जिले से आने वाले पवन सिंह ने शुरुआती दौर में लोकगीतों से पहचान बनाई. साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर उन्होंने भोजपुरी संगीत जगत में अपनी मजबूत जगह बनाई और लोकप्रियता हासिल की.
‘लॉलीपॉप लागेलू’ से मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
पवन सिंह का सुपरहिट गीत ‘लॉलीपॉप लागेलू‘ उनकी किस्मत बदलने वाला साबित हुआ. इस गाने ने उन्हें न सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में भी पहचान दिलाई और वे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बड़े स्टार बन गए.
भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ बने
संगीत के बाद उन्होंने फिल्मों में कदम रखा और कई हिट फिल्मों में अभिनय किया. एक्शन और रोमांटिक भूमिकाओं के कारण उन्हें भोजपुरी इंडस्ट्री में ‘पावर स्टार’ के नाम से जाना जाने लगा.
राजनीति में उतार-चढ़ाव और भाजपा से जुड़ाव
पवन सिंह ने 4 सितंबर 2017 को भाजपा से जुड़कर राजनीति में प्रवेश किया था. हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ जाकर काराकाट से निर्दलीय चुनाव लड़ने के कारण उन्हें मई 2024 में पार्टी से बाहर निकाल दिया गया था. बाद में, बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 30 सितंबर 2025 को उनकी भाजपा में दोबारा वापसी हो गई. 2024 लोकसभा चुनाव में कराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़कर उन्होंने राजनीतिक हलकों में चर्चा बटोरी, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
बढ़ता राजनीतिक प्रभाव
मनोरंजन जगत में अपार लोकप्रियता के बाद अब पवन सिंह राजनीति में अपनी नई पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं. उनके समर्थकों का मानना है कि वे आने वाले समय में बिहार की राजनीति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. इसी को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने पवन सिंह को 2026 में बिहार विधान परिषद सदस्य उम्मीदवार घोषित किया है. उनके फैन और चाहनेवाले लोग उन्हे सोशल मीडिया पर काफी प्यार, आशीर्वाद और बधाई दे रहे हैं.
Also Read : छपरा में भीषण गर्मी और हीट वेव से अस्पतालों में बढ़े मरीज, तापमान 40 डिग्री पार
