बिहार MLC चुनाव: दीपक प्रकाश ने नहीं किया नामांकन, मंत्री पद जाना तय! जानें 10 उम्मीदवारों के नाम

Bihar MLC Chunav: बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है. दीपक प्रकाश के नामांकन नहीं करने से उनके मंत्री पद को लेकर चर्चा तेज हो गई है. अब उपेंद्र कुशवाहा के अगले कदम पर सबकी नजरें हैं.

Bihar MLC Chunav: बिहार विधान परिषद की दस सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को दस दलीय उम्मीदवारों ने अपने नामांकन के परचे दाखिल किये. राजद ने अंतिम दिन पार्टी नेता सुनील कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया. सिंह के नामांकन के साथ ही सभी दस सीटों के लिए दस नामांकन हुए. दोपहर तीन बजे नामांकन का समय खत्म हो गया.

खास बात यह कि पंचायती राज मंत्री और एनडीए के घटक राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश ने नामांकन नहीं किया. दीपक के नामांकन नहीं होने की स्थिति में 11 जून को नाम वापसी के निर्धारित समय खत्म हो जाने के बाद सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा कर दी जायेगी. इसके पहले मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी.

मंत्री पद बच पाना मुश्किल

पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश के नामांकन नहीं होने के कारण अब उनका लंबे समय तक मंत्री पद पर बने रहना मुश्किल होगा. नियमों के अनुसार किसी भी मंत्री को छह महीने के भीतर राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों में से किसी एक सदन का सदस्य बनना अनिवार्य होता है. दीपक प्रकाश दूसरी बार बिना किसी सदन के सदस्य बने सात मई को मंत्री पद की शपथ ली थी.

मंत्री पद बचाये रखने के लिए अगले चार महीने में दीपक प्रकाश को किसी एक सदन का सदस्य हर हाल में बनना होगा. अगले छह महीने में विधान परिषद की कोई भी सीट खाली होती नहीं दिख रही है. ऐसी स्थिति में सबकी नजर उपेंद्र कुशवाहा के अगले कदम पर टिकी है.

नामांकन करने वाले नेताओं के नाम

दस सीटों के लिए भाजपा के संजय मयूख, पवन सिंह, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित ने सोमवार को नामांकन का पर्चा दाखिल किया. जदयू से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की खाली सीट के लिए ललन प्रसाद ने नामांकन किया. जबकि तीन अन्य सीट के लिए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, भारती मेहता एवं शिवरानी देवी ने नामांकन दाखिल किया है. एनडीए की तीसरी घटक केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (आर) से अशरफ अंसारी एवं मुख्य विपक्षी दल राजद की ओर से सुनील कुमार सिंह ने अपना पर्चा दाखिल किया है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

दस उम्मीदवारों में आठ नये चेहरे, संजय मयूख और सुनील सिंह को मिला फिर से मौका

विधान परिषद की दस सीटों के लिए जिन दस उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया, उनमें आठ नये चहरे हैं. भाजपा के संजय मयूख को तीसरी बार और राजद के सुनील कुमार सिंह को दूसरी बार उच्च सदन जाने का मौका मिला है.

इसे भी पढ़ें:  अनंत सिंह और गुंजन सिंह को राहत, कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक बढ़ाई, अगली सुनवाई कब?

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >