Bihar LPG Supply : बिहार में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की आशंका से लोग परेशान हैं. लेकिन आशंकाओं के बीच Indian Oil Corporation Limited (IOCL) ने साफ किया है कि राज्य में गैस की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है. आइओसीएल ने लोगों से न घबराने की अपील की है. उसका कहना है कि लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी. IOCL के कार्यकारी निदेशक और बिहार स्टेट हेड एके सामंतराय ने बताया कि राज्य में रोजाना औसतन 3.8 लाख LPG सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है. 2028 वितरकों और 15 बॉटलिंग प्लांट के जरिए करीब 2.33 करोड़ उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध हो रही है.
पैनिक से बढ़ा बैकलॉग
कार्यकारी निदेशक ने स्पष्ट कहा कि मौजूदा बैकलॉग किसी सप्लाई संकट का नहीं, बल्कि लोगों के पैनिक बुकिंग का परिणाम है. उन्होंने कहा, इसे लगभग 4.5 दिन का बैकलॉग तय क्रम के अनुसार तेजी से पूरा किया जा रहा है.
डिजिटल बुकिंग पर जोर
IOCL ने उपभोक्ताओं से डिजिटल बुकिंग को प्राथमिकता देने की अपील की है. उन्होंने बताया कि लगभग 93 फीसद बुकिंग अब डिजिटल माध्यम से की जा रही है. डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) का अनुपालन 90 फीसद है. इससे वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनी है.
व्यावसायिक LPG और PNG का विस्तार
सरकार ने बताया कि व्यावसायिक LPG में भी 70 फीसद आवंटन स्तर बनाए रखते हुए अस्पताल, रेलवे, रक्षा, होटल-रेस्टोरेंट और उद्योगों को प्राथमिकता दी जा रही है. वहीं, राज्य में करीब 1 लाख PNG कनेक्शन हैं और पिछले एक महीने के दौरान करीब 8 हजार नए उपभोक्ता जुड़े हैं.
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के कारण गैस की कालाबाजारी की कोशिश शुरू हो गई. इसकी वजह से लोगों में पैनिक की कंडीशन बन गई. इसलिए जमाखोरी रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया है. जमाखोरी रोकने के लिए 25,388 अभियान चलाए गए. इन अभियानों में 2085 सिलेंडर जब्त किए गए. 119 लोगों पर FIR दर्ज की गई और 38 गिरफ्तारियां भी की गई हैं.
पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक
निदेशक ने बताया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई भी पूरी तरह से सामान्य है. प्रदेश में 3697 पेट्रोल पंपों पर बिक्री पेट्रोल और डीजल की बिक्री जारी है. इनके पास भी पर्याप्त स्टॉक है. रोजाना 4554 KL पेट्रोल और 9121 KL डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि हमारे पास लगभग 12 दिन का स्टॉक सुरक्षित है.
Also Read : कन्फ्यूजन खत्म? बिहार का अगला CM तय…! इस नाम पर लगी मुहर, 15 को शपथ तैयारी
