बिहार में 14 जनवरी तक मौसम का ऐसा रहेगा हाल, जानिए IMD का अलर्ट

Bihar Ka Mausam: बिहार में ठंड का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है. मौसम विभाग ने 30 जिलों में कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और 14 जनवरी से पहले राहत की उम्मीद नहीं जताई है.

Bihar Ka Mausam: बिहार में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है और लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 14 जनवरी से पहले ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है. पटना समेत राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है.

इसी बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य के 30 जिलों में कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि 8 जनवरी से मौसम एक बार फिर बिगड़ सकता है. इस दौरान घना कुहासा छाया रहेगा और ठंड और बढ़ेगी.

गया में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

मंगलवार सुबह पटना, बेगूसराय, दरभंगा समेत करीब 10 जिलों में घना कोहरा देखने को मिला. कई जगहों पर विजिबिलिटी लगभग शून्य रही, जिससे सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ. गया जी का न्यूनतम तापमान गिरकर 5.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस मौसम में बेहद कम माना जा रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिनों तक कुछ शहरों में हल्की धूप देखने को मिल सकती है, लेकिन इससे ठंड से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी. 8 जनवरी के बाद ठंड फिर और तेज होने की संभावना है.

अगले 5 से 7 दिन तक नहीं बदलेगा मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले 5 से 7 दिनों तक बिहार में ठंड और घने कोहरे का असर बना रहेगा. 9 जनवरी तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जरूर हो सकता है, लेकिन कुल मिलाकर कड़ाके की ठंड से राहत की उम्मीद बेहद कम है. सुबह के समय घना कोहरा और दिन में सर्द हवाएं लोगों को परेशान करती रहेंगी.

क्यों बढ़ गई है ठंड?

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर-पश्चिमी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं और हवा की रफ्तार कम होने के कारण ठंड का असर बढ़ गया है. रात में आसमान साफ रहने से तापमान तेजी से गिर रहा है, जबकि दिन में कमजोर धूप के चलते कोल्ड-डे की स्थिति बन रही है. नमी और कम विजिबिलिटी की वजह से कोहरा भी लगातार छाया हुआ है.

Also Read: Lalu Family: लालू के नाती भारत में नहीं इस देश में लेंगे मिलिट्री की ट्रेनिंग, जानिए दो साल में क्या-क्या सिखाया जाता है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >