Bihar Ka Mausam: बिहार में एक बार फिर सुबह और शाम की ठंड लोगों को कनकनी का एहसास करा रही है. खासकर उत्तर और पूर्वी जिलों में ठंड का असर साफ दिख रहा है. मधेपुरा में मंगलवार सुबह घना कोहरा छाया रहा. हालात ऐसे रहे कि विजिबिलिटी लगभग जीरो तक पहुंच गई. सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया. पछुआ हवा के चलते ठंड और ज्यादा चुभती महसूस हुई. 6 जिलों में मौसम विभाग ने घने कुहासे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड पूरी तरह विदा नहीं हुई है. 15 फरवरी को बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. अगर बारिश होती है, तो तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. इसका असर सुबह और शाम की ठंड के रूप में देखने को मिलेगा. यानी ठंड एक बार फिर लौट सकती है.
किशनगंज रहा सबसे ठंडा जिला
पिछले 24 घंटे के मौसम पर नजर डालें तो किशनगंज राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा. यहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बक्सर और नालंदा में भी रात का पारा 8.9 डिग्री तक गिर गया. कई जिलों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रही. इससे ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ.
इस साल फरवरी का मौसम पिछले कुछ वर्षों से अलग
इस साल फरवरी का मौसम पिछले कुछ वर्षों से अलग नजर आ रहा है. 2026 में मौसम ज्यादा स्थिर और शुष्क बना हुआ है. जबकि 2025 में इसी समय बादल छाए रहते थे और हल्की बारिश भी होती थी. इस बार बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर रहीं.
न्यूनतम तापमान में हो सकती है बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि कड़ाके की ठंड अब धीरे-धीरे खत्म होने की ओर है. दिन में धूप तेज रहने से गर्मी का एहसास हो रहा है, लेकिन सुबह और रात में ठंड बनी हुई है.
बिहार में ठंड और बारिश का असर क्यों कम रहा?
मौसम विशेषज्ञों की मानें तो इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह पश्चिमी विक्षोभ की कम सक्रियता है. इस बार पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय तक ही सीमित रहा. पूर्वी भारत तक पहुंचते-पहुंचते इसका असर कमजोर पड़ गया. यही वजह है कि बिहार में बारिश और ठंड का असर कम देखने को मिला.
उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति भी सामान्य से कम रही. वातावरण में नमी की मात्रा सीमित रही. इससे बादल बनने की स्थिति नहीं बन पाई. रात में तापमान गिरने और हवा शांत रहने से कोहरा बन रहा है, लेकिन दिन में तेज धूप निकलते ही कोहरा छंट जा रहा है.
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
पटना की बात करें तो राजधानी में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. दिन में मौसम साफ रहेगा. धूप अच्छी निकलेगी. रात में हल्की ठंडक महसूस होगी. कुल मिलाकर मौसम सामान्य के आसपास बना रहने की संभावना है.
Also Read: तेज प्रताप यादव का बड़ा ऐलान, बिहार में पैदल यात्रा से देंगे JJD को नई ताकत
