Bihar Ka Mausam: बिहार में मौसम इन दिनों तेजी से बदल रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में लोगों को गर्मी और बारिश दोनों का असर देखने को मिलेगा. फिलहाल राज्य में सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है. सबसे कम तापमान समस्तीपुर और सिवान के जीरादेई इलाके में करीब 15.7 डिग्री दर्ज किया गया है. पटना में आने वाले दिनों में दिन का तापमान 34 डिग्री तक जा सकता है. इससे दोपहर में गर्मी बढ़ेगी.
26 मार्च से बदलेगा मौसम
यह गर्मी ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी. 26 मार्च से मौसम का मिजाज बदलने लगेगा. पश्चिमी बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जगहों पर तेज हवा, बादल और हल्की बारिश हो सकती है. इसी दौरान पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर और गया में आसमान में बादल छाए रहेंगे. इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
27 मार्च को ऐसा रहेगा हाल
27 मार्च को बारिश का असर पूरे बिहार में फैलने की संभावना है. उत्तर बिहार के सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में बिजली गिरने का खतरा बताया गया है. दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, नवादा और जहानाबाद में भी मौसम खराब रह सकता है और तेज हवा चल सकती है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
सतर्क रहने की सलाह
मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई जैसे दक्षिण-पूर्वी जिलों में फिलहाल ज्यादा खतरा नहीं है. वहां भी बादल बने रहेंगे. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले में न जाएं और सुरक्षित जगह पर रहें, खासकर वज्रपात के समय सतर्क रहें.
इसे भी पढ़ें: पटना के बाद अब गया की बारी, फल्गु नदी के किनारे बनेगा 16 किमी लंबा मरीन ड्राइव, मंत्री ने किया ऐलान
