महाशिवरात्रि पर बिहार में हाई अलर्ट, गरीबनाथ समेत सभी शिव मंदिरों पर सादे लिबास में रहेगी पुलिस

Mahashivratri Alert: महाशिवरात्रि के मद्देनजर बिहार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है. प्रमुख शिव मंदिरों में अतिरिक्त बल, CCTV निगरानी व बम निरोधक दस्ते की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा है.

Mahashivratri Alert: महाशिवरात्रि को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी किया है. पटना सहित सभी जिलों के एसएसपी और एसपी को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने को कहा गया है.

प्रमुख मंदिरों पर विशेष निगरानी

मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर समेत सभी बड़े शिव मंदिरों और पूजा स्थलों को संवेदनशील सूची में रखा गया है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं. मंदिर परिसरों में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी रखने का आदेश दिया गया है. स्थानीय पुलिस प्रशासन को भीड़ प्रबंधन की ठोस योजना बनाने को कहा गया है. प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी.

सादे लिबास में भी तैनात रहेंगे जवान

पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि जरूरत के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती हो. सिविल ड्रेस में पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया जाएगा. इनका काम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना होगा. संवेदनशील स्थानों पर क्विक रिस्पॉन्स टीम भी एक्टिव रहेगी. अफसरों को लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया गया है.

बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड अलर्ट

बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने का आदेश दिया गया है. मंदिर परिसरों और आसपास के इलाकों की जांच पहले से की जाएगी. कोई भी संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल कार्रवाई होगी.

श्रद्धालुओं से भी सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है. संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना देने को कहा गया है. महाशिवरात्रि के मौके पर लाखों श्रद्धालु शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां कोई चूक नहीं चाहतीं. राज्यभर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की गई है.

Also Read: पटना हॉस्टल कांड: CBI की टीम पहुंची शंभू गर्ल्स हॉस्टल, NEET छात्रा के कमरे की ली तलाशी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan pandey

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >