Bihar News: राज्य के कलाकारों के साथ अब तकनीशियनों व स्थानीय वेंडरों के लिए बेहतर मौका है. राज्य में होने वाली शूटिंग के दौरान उन्हें सीधे प्रोडक्शन हाउस के साथ मिलकर काम करने का मौका मिलेगा. कला, संस्कृति एवं युवा विभाग व बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम ने इसके लिए पोर्टल लॉन्च किया है. इसके जरिये अलग-अलग विधा के कलाकार रजिस्ट्रेशन करा रहे थे. अब तकनीशियनों व स्थानीय वेंडरों का भी रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है. इसका उद्देश्य बिहार को फिल्म हब के रूप में स्थापित करना और स्थानीय प्रतिभाओं को सीधे बड़े प्रोडक्शन हाउस से जोड़नाहै. पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है.
रजिस्ट्रेशन होने से बिहार में शूटिंग के लिए आने वाले निर्माताओं को एक ही जगह पर अभिनेता, कैमरामैन से लेकर होटल और ट्रांसपोर्ट तक की सारी सुविधाएं मिल सकेंगी. यह कदम स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये द्वार खोलेगा और बिहार की फिल्म नीति को धरातल पर मजबूती प्रदान करेगा. मालूम हो कि अब तक राज्य के 3808 कलाकारों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है. सबसे अधिक गायन क्षेत्र के करीब 1542 कलाकारों ने रुचि दिखायी है.
निर्देशक से स्पॉट बॉय तक के पर्दे के पीछे के नायकों का होगा डेटाबेस
फिल्म निर्माण की रीढ़ माने जाने वाले तकनीशियनों के लिए भी विस्तृत सूची तैयार की गयी है. इसमें निर्देशक, सहायक निर्देशक, कास्टिंग डायरेक्टर, सिनेमैटोग्राफर, कैमरा असिस्टेंट व लाइटमैन शामिल हैं. तकनीकी सेवाओं में साउंड डिजाइनर, साउंड रिकॉर्डिस्ट, इफेक्ट्स, साउंड मिक्सिंग मास्टर, एडिटर व वीएफएक्स आर्टिस्ट भी आवेदन कर सकते हैं. साथ ही प्रोडक्शन डिजाइनर, आर्ट डायरेक्टर, कॉस्ट्यूम डिजाइनर, मेकअप मैन, हेयर स्टाइलिस्ट, विग मेकर, स्टिल फोटोग्राफर और बीटीएस मेकर को भी जगह मिली है. प्रोडक्शन मैनेजर, लाइन प्रोड्यूसर, स्पॉट बॉय, एक्शन डायरेक्टर व फाइटर जैसे महत्वपूर्ण मैनपावर को भी इस पोर्टल में एकीकृत किया गया है.
होटल, घर सहित कैटरिंग वेंडर भी कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
पोर्टल पर शूटिंग स्टूडियो, साउंड व एडिट स्टूडियो, एनिमेशन व ग्राफिक्स स्टूडियो के संचालक पंजीकरण कर सकते हैं. लॉजिस्टिक्स व सर्विस से जुड़े वेंडरों के लिए भी आय का द्वार खुलेगा. इस कैटेगरी में होटल और हॉस्पिटैलिटी प्रोवाइडर, शूटिंग के लिए घर उपलब्ध कराने वाले, वैनिटी वैन, ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स प्रदाता, ट्रैवल एजेंट, जेनरेटर व सिक्यूरिटी सेवा प्रदान करने वाले वेंडर भी शामिल हो सकते हैं. इसके अलावे कॉस्ट्यूम, प्रॉप्स, कैटरिंग, सिने इक्विपमेंट सप्लायर, जूनियर आर्टिस्ट व स्पॉट बॉय उपलब्ध कराने वाले वेंडरों को भी पोर्टल से जोड़ा जा रहा है.
स्थानीय कलाकारों का प्रोफाइल अब सीधे निर्माता के पास होगा
पोर्टल पर कलाकारों की श्रेणी में अभिनेता, एंकर, वॉयस आर्टिस्ट व जूनियर आर्टिस्ट अपना पंजीकरण कर सकते हैं. संगीत के क्षेत्र से जुड़े संगीत निर्देशक, अरेंजर, गायक और वादक भी इसमें शामिल हैं. नृत्य श्रेणी में कोरियोग्राफर, असिस्टेंट कोरियोग्राफर व ग्रुप डांसरों के लिए भी जगह दी गयी है. इसके अलावा क्रिएटिव क्षेत्र में कहानी लेखक, पटकथा व संवाद लेखक, वॉयस ओवर राइटर और गीतकारों को भी जोड़ा गया है. इस पहल से स्थानीय कलाकारों की पूरी प्रोफाइल अब सीधे फिल्म निर्माताओं की पहुंच में होगी.
