Bihar Electricity : बिहार के 87 लाख से अधिक स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए बिजली विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत अब बिजली की दरें घड़ी की सुइयों यानी समय के हिसाब से तय होंगी.
इस नई व्यवस्था को ‘टाइम ऑफ डे’ (ToD) टैरिफ नाम दिया गया है. इसका सीधा मतलब यह है कि अब पूरे 24 घंटे बिजली की एक समान दर नहीं रहेगी. 1 अप्रैल से आपके घर के स्मार्ट मीटर में लगा सॉफ्टवेयर यह देखेगा कि आप किस समय कितनी बिजली जला रहे हैं और उसी आधार पर बिल की कटौती करेगा.
दिन में ‘डिस्काउंट’ और शाम को ‘सरचार्ज’
नए नियमों के अनुसार, सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक का समय उपभोक्ताओं के लिए ‘हैप्पी आवर्स’ जैसा होगा. इस दौरान अगर आप 100 रुपये की बिजली खर्च करते हैं, तो आपको केवल 80 रुपये ही देने होंगे. यानी दिन के उजाले में बिजली का इस्तेमाल करने पर आपको सीधे 20 फीसदी की बचत होगी.
जैसे ही शाम के 5 बजेंगे और सूरज ढलेगा, बिजली महंगी हो जाएगी. शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक (पीक आवर्स) बिजली की खपत पर घरेलू उपभोक्ताओं को 110 प्रतिशत राशि देनी होगी, जबकि व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ताओं को 120 प्रतिशत तक का भुगतान करना होगा.
रात में सामान्य रहेगी दर
बिजली विभाग ने उन लोगों का भी ख्याल रखा है जो देर रात तक काम करते हैं या एसी-कूलर चलाते हैं. रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक बिजली की दरें बिल्कुल सामान्य रहेंगी. यानी इस अवधि में आप जितनी बिजली खर्च करेंगे, आपको 100 फीसदी यानी निर्धारित दर के बराबर ही पैसा देना होगा.
यह व्यवस्था मुख्य रूप से स्मार्ट मीटर वाले ग्राहकों और उन ग्राहकों के लिए है जिनका लोड 10 किलोवाट से अधिक है. सरकार का तर्क है कि शाम के वक्त बिजली की मांग 4000 मेगावाट से बढ़कर सीधे 7000 मेगावाट तक पहुंच जाती है, जिससे ग्रिड पर दबाव बढ़ता है. इसी दबाव को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है.
स्मार्ट मीटर बनेगा आपका बजट मैनेजर
बिहार में स्मार्ट मीटर लगाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है. अब तक लाखों घरों में यह मीटर लग चुके हैं और तीसरे चरण तक 1.12 करोड़ उपभोक्ताओं को इसके दायरे में लाने का लक्ष्य है. सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए बिजली अनुदान (सब्सिडी) में भी भारी बढ़ोतरी की है ताकि आम जनता पर बोझ कम हो सके.
अगर आप अपने बिजली बिल में बचत करना चाहते हैं, तो अब आपको भारी बिजली वाले काम जैसे कपड़े धोना, आयरन करना या पानी की मोटर चलाना सुबह 9 से शाम 5 के बीच निपटा लेना चाहिए.
Also Read: बिहार में 2 अपराधियों का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली, 4 राउंड हुई फायरिंग
