Bihar Crime News: पटना के दानापुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया. अब इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज आ गया है. इसमें देखा गया कि कुछ नकाबपोश अपराधी हाथ में पिस्टल लेकर ज्वेलरी शॉप में घुसे. पिस्टल का भय दिखाकर दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात को एक बोरे में भरा.
इस दौरान दुकानदार को अपराधी ने पिस्टल के बट से मारा भी और इसके बाद मौके से फरार हो गए. जानकारी के मुताबिक, ज्वेलरी शॉप दानापुर थाना इलाके के आरपीएस काली मंदिर रोड पर है. अपराधियों ने दुकान से लगभग 4 लाख रुपए की लूट की. वारदात के दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग भी की.
दुकानदार ने बताई पूरी घटना
दुकानदार सुमन कुमार ने बताया कि उन्होंने मंगलवार दोपहर दुकान खोली थी. जब दो महिला ग्राहक सामान देख रही थीं, तभी दो बाइक और एक स्कूटी पर सवार चार युवक ग्राहक बनकर दुकान में घुसे. अंदर आते ही बदमाशों ने पिस्टल तान दी और लूटपाट शुरू कर दी. अपराधियों में से दो ने हेलमेट और दो ने मास्क पहन रखा था. विरोध करने पर बदमाशों ने सिर पर पिस्टल के बट से वार किया.
बदमाशों ने दुकान के काउंटर का शीशा तोड़कर वहां रखे जेवरात और गोदरेज से सोने-चांदी के गहने एक प्लास्टिक के बोरे में भर लिए. साथ ही काउंटर से पांच हजार रुपए नगद भी लूट लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर फरार हो गए.
पूरी घटना दुकान में लगे CCTV में कैद
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त अपराधी इस लूट को अंजाम दे रहे थे, उसी समय वरीय पुलिस अधिकारी महज कुछ दूरी पर ढिबरा मोड़ स्थित एटीएम लूट मामले की छानबीन कर रहे थे. सूचना मिलते ही एएसपी शिवम धाकड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एफएसएल की टीम को बुलाकर सबूत जुटाए.
Also Read: पटना-गया-धनबाद रूट पर चलेगी फास्ट मेमू ट्रेन, अमृत भारत जैसी मिलेगी फैसिलिटी
