Bihar CO Transfer List: बिहार सरकार ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है. विभाग ने राज्यभर के 90 अंचल अधिकारियों (CO), प्रभारी अंचल अधिकारियों और राजस्व अधिकारियों का तबादला कर दिया है. नई पोस्टिंग की अधिसूचना गुरुवार को जारी की गई. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है.
प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी
विभाग के अपर सचिव अजीव वत्सराज की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह तबादला राजस्व और भूमि संबंधी कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किया गया है. आदेश की प्रति मुख्यमंत्री सचिवालय, मुख्य सचिव, सभी प्रमंडलीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है.
बिना ट्रांजिट लीव तुरंत करना होगा ज्वाइन
तबादला आदेश में साफ कहा गया है कि किसी भी अधिकारी को ट्रांजिट लीव नहीं मिलेगी. सभी अधिकारियों को तुरंत नए पदस्थापन वाले स्थान पर योगदान देना होगा. जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे संबंधित अधिकारियों को बिना देरी कार्यमुक्त करें. साथ ही एक सप्ताह के भीतर इसकी रिपोर्ट विभाग को भेजें.
कई अहम अंचलों में बदले गए CO
इस फेरबदल में राज्य के कई महत्वपूर्ण अंचलों में नए अंचल अधिकारियों की तैनाती की गई है. पूर्वी चंपारण के मोतिहारी सदर में सुनील कुमार को नया CO बनाया गया है. इसके अलावा कल्याणपुर, चकिया, छौड़ादानो, चिरैया और मधुबन में भी नए अधिकारियों की पोस्टिंग हुई है.
नालंदा के बिहारशरीफ, हिलसा और चंडी में भी नए CO भेजे गए हैं. वहीं गया के टिकारी, सारण के छपरा सदर और एकमा, भोजपुर के संदेश और जगदीशपुर, पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज और चनपटिया समेत कई अंचलों में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी मिली है.
कई राजस्व अधिकारियों को मिला प्रमोशन जैसा मौका
तबादला सूची में कई ऐसे अधिकारी भी शामिल हैं जो अब तक राजस्व अधिकारी (RO) या कानूनगो के पद पर कार्यरत थे. विभाग ने उन्हें अंचल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है. इससे उन्हें क्षेत्रीय स्तर पर प्रशासनिक कार्यों का अनुभव मिलेगा.
कई जिलों के अधिकारी हुए प्रभावित
इस तबादले में अररिया, अरवल, औरंगाबाद, बांका, भागलपुर, भोजपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, जहानाबाद, कैमूर, कटिहार, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पूर्णिया, रोहतास, समस्तीपुर, सारण, सीतामढ़ी, सिवान, वैशाली और पश्चिम चंपारण सहित कई जिलों के अधिकारी शामिल हैं.
कुल 90 अधिकारियों के तबादले से राज्य के राजस्व प्रशासन में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिलेगा.
तत्काल लागू हुआ आदेश
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारियों को समय पर अपने नए पद पर योगदान देना होगा. विभाग ने जिलाधिकारियों को भी निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुपालन रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है. आने वाले दिनों में सभी अधिकारी अपने नए अंचलों में कार्यभार संभालेंगे.
Also Read: पिता का साया नहीं था, मां का भरोसा था, 22 लाख की नौकरी छोड़ बेटे ने बनकर दिखाया SDM
