Bihar Budget Session: बुधवार को बजट सत्र का 12वां दिन है. आज शराबबंदी को लेकर विपक्ष के विधायक हंगामा करते दिखे. विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, हमारा ब्लड टेस्ट करवा लीजिए. हम ब्लड टेस्ट करवाने के लिए तैयार हैं. शराबबंदी कानून बिहार में पूरी तरह सफल है और इसका हर किसी को पालन करना चाहिए. तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए भी उन्होंने जमकर हमला बोला.
जेडीयू विधायक ने क्या कहा?
जेडीयू विधायक अजीत कुमार ने कहा, बिहार में शराबबंदी है. कांग्रेस के विधायक ने टेस्ट करवाने की बात किस परिस्थिति में कहा है, क्या उनकी सोच है, ये वही बताएंगे. शराब के धंधे में शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई होती है. विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है. ये लोग सिर्फ अनर्गल बातें करते हैं. हमको अभी कहिएगा तो अभी ब्लड टेस्ट करवाएंगे. मेरे परिवार में आज तक किसी ने शराब छुआ तक नहीं है.
क्या है पूरा मामला?
मंगलवार को आरएलएम के विधायक माधव आनंद ने कहा था, समय आ गया है जब शराबबंदी की समीक्षा की जाए. इसके नफा-नुकसान को लेकर आकलन किया जाए. इस दौरान उन्होंने शराबबंदी की तरीफ की थी. उन्होंने यह भी कहा था कि, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से मुक्त कराया और ‘लालटेन युग’ से बाहर निकाला.
लेकिन, इस दौरान AIMIM के विधायक अख्तरुल ईमान ने शराबबंदी को फेल बताया. बिहार में शराब की होम डिलीवरी की बात कही. इस दौरान शराब के व्यवसायियों को सरकार की तरफ से संरक्षण देने की बात कही गई थी. इसके बाद से यह मुद्दा गरमाया हुआ है.
विपक्ष के विधायकों ने क्या कहा?
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा, NDA के रसूखदार नेता शराब का कारोबार कर रहे हैं. शराब की खेप झारखंड और UP से ला रहे हैं. रसूखदार लोग चाहते ही हैं कि शराब बंद रहे और हम बेचते रहे. इसके अलावा CPI-ML के विधायक संदीप सौरभ ने कहा, शराबबंदी कानून बिहार में पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुई है. सबलोग जानते हैं के शराबबंदी कभी लागू हुआ ही नहीं था. शराब माफियों और सरकारी तंत्र के बीच टाइअप है. जिन बच्चों को स्कूल में किताब कॉपी लेकर जाना चाहिए था, उनको बैग में बोतल लेकर जाना पड़ रहा है. कई महिलाओं ने पति को छुड़वाने के लिए गहना गिरवी रखा. विधायकों के बल्ड टेस्ट पर कहा कि सबका करवा लीजिए. सरकार के पास कोई काम तो बचा नहीं है.
Also Read: भागलपुर-गांधीडीहम स्पेशल ट्रेन को मिला एक्सटेंशन, अब इस तारीख तक होगा परिचालन
